बिहार में 4 भाइयों की हत्या: गिट्टी-बालू गिराने को लेकर दो पक्षों में विवाद के बाद फायरिंग

Bihar Crime News: बिहार के बक्सर में बड़ी घटना हो गई। शनिवार (24 मई) को बालू कारोबार को लेकर दो पक्षों में झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि अंधाधुंध फायरिंग होने लगी। गोलीबारी में 2 सगे और दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। घटना राजपुर थाना क्षेत्र के अहियापुर गांव में नहर किनारे की है। पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर दी है। जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया है। आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
जानिए पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक, अहियापुर गांव में शुक्रवार को दो पक्षों में गांव की एक जमीन पर गिट्टी-बालू गिराने को लेकर विवाद हुआ। शाम को मामला शांत हो गया। इसी रंजिश में शनिवार सुबह नहर के पास घात लगाकर बैठे अपराधियों ने परिवार के सदस्यों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से विनोद सिंह यादव, सुनील सिंह यादव, मंटू सिंह और वीरेंद्र सिंह यादव की मौत हो गई। पुंज सिंह यादव की हालत गंभीर है। उसका इलाज चल रहा है।
विशेष टीम का किया गठन
गोलीबारी के बाद गांव के लोगों का गुस्सा फूट गया। लोगों ने आरोपी के घर को घेर लिया है। सूचना पर पुलिस पहुंची। भीड़ को घर से हटाया। इलाके की घेराबंदी की। मृतक के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। इधर घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीण सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बदमाशों को गिरफ्तार करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
