बेंगलुरु भगदड़ केस: RCB अधिकारी गिरफ्तार, पुलिस ने इवेंट कंपनी के 3 अफसरों को भी दबोचा

Bengaluru stampede case: बेंगलुरु भगदड़ मामले में बड़ा अपडेट है। पुलिस ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के सीनियर मार्केटिंग अधिकारी निखिल सोसाले को गिरफ्तार किया है। मुंबई भागने की कोशिश कर रहे निखिल को पुलिस ने एयरपोर्ट पर दबोचा है। पुलिस ने इवेंट कंपनी DNA एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के 3 अधिकारियों किरण, सुमंथ और सुनील मैथ्यू को भी हिरासत में लिया है। पुलिस क्यूब्बन पार्क थाने में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
हो सकते हैं कई खुलासे
पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि कार्यक्रम के आयोजन में किन-किन नियमों की अनदेखी की गई, किसकी अनुमति से आयोजन हुआ, और क्या सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। इसके पीछे कौन जिम्मेदार है। पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए आरोपी कई बड़े राज भी उगल सकते हैं। पूछताछ में तमाम सवालों के जवाब भी मिलेंगे।
11 की हुई थी मौत
बता दें 4 जून को हुई RCB की विक्ट्री परेड से पहले चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास भगदड़ हुई थी। भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी। कई लोगों घायल हुए थे। पीड़ित परिवारों को 10-10 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी। मामले में कब्बन पार्क पुलिस थाने में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), डीएनए एंटरटेनमेंट नेटवर्क्स (जो इवेंट की आयोजन कंपनी थी), कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। अब चार लोगों की गिरफ्तार हुई है।
ये आरोपी हैं फरार
कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) के दो अधिकारी- सचिव शंकर और कोषाध्यक्ष जयराम फरार हैं। पुलिस ने बताया कि ये दोनों अपने घरों पर नहीं मिले और उन्हें पकड़ने की कोशिश जारी है। फिलहाल पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। शेषाद्रिपुरम एसीपी प्रकाश कमान संभाल रहे हैं।
CM ने इन अफसरों को किया सस्पेंड
CM सिद्धारमैया ने पुलिस को बेंगलुरु भगदड़ का जिम्मेदार माना था। CM ने बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर बी दयानंद, एडिशनल पुलिस कमिश्नर, कब्बन पार्क थाना प्रभारी, ACP, DCP सेंट्रल डिवीजन, क्रिकेट स्टेडियम प्रभारी, स्टेशन हाउस मास्टर, स्टेशन हाउस को सस्पेंड किया था। बी दयानंद की उनकी जगह IPS अधिकारी सीमंत कुमार सिंह को नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया है।
एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में कब क्या हुआ?
- सुबह: आरसीबी की टीम विधान सौध पहुंची, हजारों की संख्या में लोग जश्न के लिए जुटने लगे।
- 2 बजे: स्टेडियम के 13 गेट पर लंबी कतारें लग गईं।
- 3 बजे: पुलिस फोर्स मौजूद थी, लेकिन अचानक स्टेडियम के सभी के लिए खुले दरवाज़े की घोषणा से हालात बिगड़े।
- 3:30 से 5 बजे: भारी दबाव में बैरिकेड टूट गए, भगदड़ में लोग कुचले गए। जूते और सामान मैदान में बिखर गए।
- 5 बजे: स्थिति बिगड़ती गई, मृतकों की संख्या धीरे-धीरे बढ़कर 11 पहुंच गई।
सरकारी प्रतिक्रिया और जांच
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, हादसा 3:30 से 4:30 बजे के बीच स्टेडियम में अनियंत्रित प्रवेश की वजह से हुआ। भीड़ का अनुमानित आंकड़ा 2.5 से 3 लाख था, जबकि स्टेडियम की क्षमता मात्र 35,000 है। जांच के आदेश दिए गए हैं और 15 दिनों में रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।
