बेंगलुरु मर्डर केस: डॉक्टर ने पत्नी की हत्या के बाद PhonePe पर भेजे खौफनाक मैसेज, लिखा- 'मैंने तुम्हारे लिए अपनी पत्नी को मार डाला'

Bengaluru Murder Case
Bengaluru Murder Case: कर्नाटक की राजधानी में हुए चर्चित बेंगलुरु मर्डर केस में पुलिस ने मंगलवार को सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी डॉ. महेंद्र रेड्डी जीएस, ने पत्नी की हत्या के बाद PhonePe ऐप के जरिए कई महिलाओं को खौफनाक संदेश भेजे।
पुलिस को आरोपी के फोन की जांच-पड़ताल के दौरान ये संदेश मिले हैं। पुलिस का कहना है कि महेंद्र रेड्डी ने भुगतान ऐप के ट्रांजेक्शन नोट्स सेक्शन में लिखा- “मैंने तुम्हारे लिए अपनी पत्नी को मार डाला।”
इंडिया टुडे की खबर के अनुसार, ये संदेश कम से कम चार से पांच महिलाओं को भेजे गए, जिनमें एक महिला डॉक्टर भी शामिल थी, जिसने पहले रेड्डी के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था।
पुलिस ने जब आरोपी का फोन और लैपटॉप बरामद किया, तो FSL रिपोर्ट में ये संदेश उजागर हुए।
इलाज के नाम पर हत्या का खेल
महेंद्र रेड्डी को अक्टूबर 2025 में अपनी पत्नी डॉ. कृतिका एम रेड्डी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि उसने पत्नी को ऑपरेशन थिएटर में इस्तेमाल होने वाली बेहोश करने की दवा “प्रोपोफोल” देकर मार डाला।
दोनों विक्टोरिया अस्पताल में डॉक्टर थे और 26 मई 2024 को शादी हुई थी। मात्र एक साल बाद 23 अप्रैल 2025 को कृतिका की संदिग्ध मौत हुई।
पहले पुलिस ने इसे “अप्राकृतिक मृत्यु” मानकर केस दर्ज किया, लेकिन कृतिका की बहन डॉ. निकिता रेड्डी के संदेह जताने पर मामले की गहराई से जांच हुई। FSL रिपोर्ट में प्रोपोफोल की पुष्टि हुई, जिसके बाद केस को भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 103 (हत्या) के तहत बदला गया।
आरोपी परिवार की पृष्ठभूमि
जांच में यह भी सामने आया कि महेंद्र रेड्डी के परिवार का आपराधिक इतिहास रहा है।उसके जुड़वां भाई डॉ. नागेंद्र रेड्डी पर 2018 में धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं। एक अन्य भाई राघव रेड्डी को भी 2023 में धमकी के केस में सह-आरोपी बनाया गया था।कृतिका के परिवार का आरोप है कि शादी के वक्त इन जानकारियों को छिपाया गया था।
