'दीदी, आपका समय खत्म': अमित शाह का ममता बनर्जी पर तीखा हमला, बोले- बंगाल को बना दिया अत्याचार की भूमि

Amit Shah on Mamata Banerjee
X

Amit Shah on Mamata Banerjee

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को ममता बनर्जी पर निशाना साधाते हुए बंगाल को घुसपैठ और हिंसा की भूमि में बदलने का आरोप लगाया। कहा कि भाजपा 2026 में जीतेगी।

Amit Shah on Mamata Banerjee : पश्चिम बंगाल में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार (1 जून) को कोलकाता में भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने न केवल टीमएसी सरकार को घुसपैठ और अत्याचार से भरा हुआ बताया, बल्कि यह भी दावा किया कि 2026 में पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने जा रही है।

गृहमंत्री अमित शाह ने कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा दीदी, अब आपका समय खत्म हो गया है। वर्षों तक बंगाल में कम्युनिस्टों का शासन था। उसके बाद ममता बनर्जी 'मां, माटी, मानुष' का नारा देकर आईं। लेकिन उन्होंने इस महान भूमि को महिलाओं पर अत्याचार, घुसपैठ, बम धमाकों और राजनीतिक हत्याओं की भूमि में बदल दिया।


सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या हुई
अमित शाह ने यह भी आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के शासनकाल में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या हुई है। पीड़ित परिवारों को आज तक न्याय नहीं मिला। अमित शाह ने कहा, पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र खतरे में है। भाजपा इसे बहाल करने के लिए कटिबद्ध है।

बम धमाके, घुसपैठ और अपराध बढ़े
भाजपा नेता शाह ने कहा, ममता सरकार तुष्टिकरण की राजनीति करती है, जिस कारण समाज में विभाजन और तनाव बढ़ रहा है। ममता सरकार पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में बम धमाकों की घटनाएं, अवैध घुसपैठ, और महिलाओं पर अत्याचार पिछले एक दशक में तेजी से बढ़े हैं।

ममता पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप
अमित शाह ने ममता बनर्जी पर यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने पंचायत और नगरपालिका चुनावों में लोकतंत्र की हत्या की है। भाजपा कार्यकर्ताओं को धमकाया गया, फर्जी मुकदमों में फंसाया गया और जनता की आवाज को दबा दिया गया। 2026 में बंगाल की जनता अपना फैसला सुनाएगी। यह फैसला ममता बनर्जी के शासन को समाप्त करने का होगा।

TMC ने बताया चुनावी स्टंट
ममता बनर्जी या तृणमूल कांग्रेस की ओर से अमित शाह के इस बयान पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई, लेकिन टीएमसी सूत्रों ने इसे "चुनावी स्टंट" बताया है। कहा, बंगाल की जनता ने बार-बार भाजपा को खारिज किया है।

भाजपा की रणनीति: मिशन 2026
भाजपा का यह कायकर्ता सम्मेलन पार्टी के मिशन बंगाल 2026 का हिस्सा माना जा रहा है। BJP राज्य के हर जिले में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है। अमित शाह के साथ इस कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार और अन्य प्रमुख नेता भी मौजूद थे।

बंगाल का राजनीतिक परिदृश्य
पश्चिम बंगाल की राजनीति में आने वाला विधानसभा चुनाव 2026 में है, लेकिन अभी से भाजपा बनाम टीएमसी की जंग तेज होती जा रही है। 2021 के चुनाव में टीएमसी ने भारी बहुमत से जीत दर्ज की थी, लेकिन भाजपा ने पहली बार विपक्ष की भूमिका में मजबूती से जगह बनाई थी।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story