India Aviation Crisis: 6 फ्लाइट में तकनीकी खराबी, 2 में बम ब्लास्ट की धमकी; 72 घंटे में 9 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित, पढ़ें डिटेल्स

India Aviation Crisis : भारत की प्रमुख एयरलाइंस कंपनियों एयर इंडिया और इंडिगो को बीते कुछ दिनों में तकनीकी खामियों और सुरक्षा संबंधी अलर्ट का सामना करना पड़ रहा है। इससे न सिर्फ यात्रियों को परेशान होना पड़ता है, बल्कि देश की विमानन सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पिछले तीन दिन में 9 फ्लाइट्स प्रभावित हुईं। 6 में तकनीकी खराबी और 2 फ्लाइट बम ब्लास्ट की धमकी के चलते प्रभावित हुईं। जबकि, 1 में AC (एयर कंडीशन) बंद होने से यात्रियों को परेशान होना पड़ा।
अहमदाबाद-लंदन फ्लाइट AI-159 रद्द
अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-159 मंगलवार को तकनीकी खराबी के चलते रद्द करनी पड़ी। अहमदाबाद एयरपोर्ट में 12 जून को प्लेन हादसे के बाद इस खबर से यात्रियों में हड़कंप मच गया। यात्री प्रतीक पंड्या ने नाराज़गी जताई। कहा, 250 लोगों को आखिरी वक्त में बताया गया कि फ्लाइट रद्द है। रहने-खाने की कोई व्यवस्था नहीं है। हम लोग कहां जाएं।
सैन फ्रांसिस्को-मुंबई फ्लाइट AI-180 में तकनीकी समस्या
एयर इंडिया की सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जा रही फ्लाइट AI-180 को कोलकाता में रोकना पड़ा, क्योंकि विमान के बाएं इंजन में तकनीकी समस्या आई गई थी। यात्रियों को सुबह 5:20 बजे फ्लाइट से नीचे उतारा गया।
मस्कट-दिल्ली फ्लाइट की नागपुर में इमरजेंसी लैंडिंग
इंडिगो की अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट को भी बम की धमकी के कारण नागपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। यह फ्लाइट मस्कट से कोच्चि होते हुए दिल्ली जा रही थी। नागपुर पुलिस ने गहन जांच पड़ताल की, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
16 और 15 जून को 4 अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स तकनीकी खामी या बम धमकी के कारण वापस लौटाई गईं। इनमें से लंदन, फ्रैंकफर्ट, हॉन्गकॉन्ग और चेन्नई से जुड़ी उड़ानें शामिल हैं। दुबई से जयपुर आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-196 में यात्री बिना AC के 5 घंटे बैठे रहे। यात्रियों ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर आक्रोश जताया है।
15, 16 और 17 जून को ये फ्लाइट प्रभावित
प्रभावित फ्लाइट्स | कारण | स्थिति |
ब्रिटिश एयरवेज – लंदन से चेन्नई | तकनीकी खराबी | फ्लाइट बीच रास्ते से वापस लौटी |
लुफ्थांसा – फ्रैंकफर्ट से हैदराबाद | बम की धमकी | लैंडिंग परमिशन नहीं मिली, वापस लौटी |
एयर इंडिया – हॉन्गकॉन्ग से दिल्ली (AI-315) | तकनीकी खराबी | उड़ान के दौरान वापस लौटी |
एयर इंडिया एक्सप्रेस – दिल्ली से रांची | तकनीकी खामी | टेकऑफ के तुरंत बाद दिल्ली वापस डायवर्ट |
एयर इंडिया एक्सप्रेस – दुबई से जयपुर (IX-196) | AC-पानी की समस्या | उड़ान में अत्यधिक असुविधा, वीडियो वायरल |
एयर इंडिया – अहमदाबाद से लंदन (AI-159) | तकनीकी खामी | टेकऑफ से कुछ घंटे पहले रद्द |
एयर इंडिया – सैन फ्रांसिस्को से मुंबई (AI-180) | बाएं इंजन में तकनीकी खराबी | कोलकाता में इमरजेंसी स्टॉप, यात्रियों को सुबह उतारा गया |
इंडिगो – मस्कट से दिल्ली (कोच्चि होकर) | बम की धमकी | नागपुर में इमरजेंसी लैंडिंग, कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली |
AI-159 का रि-शेड्यूलिंग | 18 जून के लिए पुनः निर्धारित किया जाएगा |
यात्रियों में बढ़ रहा असंतोष
विमानों में तकनीकी खामी सहित अन्य कारणों से इमरजेंसी लैडिंग और उड़ान रद्द करने की इन घटनाओं से यात्रियों में असंतोष बढ़ रहा है। भारतीय विमानन क्षेत्र की सुरक्षा और सेवा व्यवस्था पर चिंता जताई जा रही है।
दिल्ली-पेरिस फ्लाइट भी रद्द, DGCA ने बुलाई आपात बैठक
एयर इंडिया की दिल्ली से पेरिस जाने वाली फ्लाइट AI-143 भी तकनीकी खामी के चलते रद्द की गई है। कंपनी ने रिटर्न फ्लाइट AI-142 (पेरिस से दिल्ली) भी रद्द कर यात्रियों को होटल सुविधा, फुल रिफंड और फ्री रीशेड्यूलिंग का विकल्प दिया है। लगातार हो रही इन घटनाओं को देखते हुए DGCA ने एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के अधिकारियों के साथ आपात वर्चुअल बैठक बुलाई है।