Air India Dreamliner VT-ANX की फ्यूल स्विच जांच: कोई तकनीकी खराबी नहीं, DGCA ने दी सफाई

एयर इंडिया ड्रीमलाइनर VT-ANX की जांच पूरी: फ्यूल स्विच में खराबी नहीं, DGCA ने दी सफाई।
नई दिल्ली (गुरजीत कौर की रिपोर्ट): नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि एयर इंडिया के बोइंग 787 ड्रीमलाइनर VT-ANX के फ्यूल कंट्रोल स्विच की जांच में कोई तकनीकी खराबी नहीं पाई गई है। यह जांच DGCA की निगरानी में एयर इंडिया की इंजीनियरिंग टीम ने बोइंग द्वारा सुझाए गए डिटेल चेक के आधार पर की।
यह मामला तब सामने आया जब 1 फरवरी को लंदन से बेंगलुरु जा रही फ्लाइट AI-132 के दौरान पायलट ने रिपोर्ट की कि इंजन स्टार्ट के समय फ्यूल कंट्रोल स्विच ‘RUN’ पोजीशन में ठीक से लॉक नहीं हो रहा था। इसके बाद विमान को एहतियातन जांच के लिए रोका गया।
DGCA और इंजीनियरिंग टीम की जांच
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, बोइंग के दिशा-निर्देशों के अनुसार किए गए चेक में बाएं और दाएं दोनों फ्यूल कंट्रोल स्विच संतोषजनक पाए गए।
जांच में यह भी देखा गया कि स्विच का लॉकिंग मैकेनिज्म सही तरीके से काम कर रहा था और सामान्य स्थिति में ‘RUN’ से ‘CUTOFF’ की ओर नहीं फिसल रहा था।
गलत ऑपरेशन से हो सकता है जोखिम
हालांकि, DGCA ने चेतावनी दी कि यदि फ्यूल कंट्रोल स्विच को गलत दिशा में बाहरी बल लगाकर ऑपरेट किया जाए, तो वह ‘RUN’ से ‘CUTOFF’ पोजीशन में जा सकता है।
इंजीनियरों के अनुसार, ऐसा स्विच की बेस प्लेट के एंगुलर डिज़ाइन के कारण संभव है। इसी वजह से एयरलाइन को सलाह दी गई है कि बोइंग द्वारा निर्धारित सही ऑपरेटिंग प्रक्रिया सभी क्रू मेंबर्स तक पहुंचाई जाए।
अहमदाबाद हादसे के बाद बढ़ी सतर्कता
इस जांच को इसलिए भी गंभीरता से लिया गया क्योंकि जून 2025 में अहमदाबाद में एयर इंडिया ड्रीमलाइनर हादसा हुआ था, जिसमें 260 लोगों की जान गई थी। उस दुर्घटना की जांच में यह सामने आया था कि टेक-ऑफ के तुरंत बाद इंजन के फ्यूल कंट्रोल स्विच ‘RUN’ से ‘CUTOFF’ पोजीशन में चले गए थे।
सोशल मीडिया वीडियो की भी जांच
DGCA ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो की भी जांच की, जिसमें फ्यूल कंट्रोल स्विच में कथित खराबी दिखाई जा रही थी।
रेगुलेटर ने स्पष्ट किया कि वीडियो में दिखाया गया तरीका बोइंग के निर्धारित ऑपरेटिंग प्रोसीजर के अनुरूप नहीं था और इससे किसी तकनीकी खराबी का निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता।
