हवाई उड़ानों पर संकट: एअर इंडिया की 8 फ्लाइट्स कैंसिल, क्यों हुआ ऐसा? जानिए वजह

Air India Flight Cancelled: एअर इंडिया के विमानों पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। 'अहमदाबाद विमान हादसे' के बाद उड़ानें लगातार रद्द हो रही हैं। शुक्रवार (20 जून) को एअर इंडिया ने 4 इंटरनेशनल और 4 घरेलू उड़ानों को रद्द कर दिया। एयरपोर्ट पर मेंटेनेंस और ऑपरेशनल के कारण कंपनी ने 8 फ्लाइट्स कैंसिल की हैं। 'अहमदाबाद विमान हादसे के बाद अब तक 84 उड़ानें रद्द की गई हैं। फ्लाइट्स के लगातार कैंसिल होने से यात्रियों को परेशानी हो रही है।
इन फ्लाइट्स को किया रद्द
जानकारी के मुताबिक, 20 जून को पुणे से दिल्ली जा रही फ्लाइट AI874, अहमदाबाद से दिल्ली फ्लाइट AI456, हैदराबाद से मुंबई की फ्लाइट AI2872 और चेन्नई से मुंबई की फ्लाइट AI571 कैंसिल की गई है। दुबई से चेन्नई जाने वाली AI906, दिल्ली से मेलबर्न की AI308, मेलबर्न से दिल्ली आ रही AI309 और दुबई से हैदराबाद आ रही फ्लाइट AI2204 को भी रद्द किया है।
अहमदाबाद में विमान क्रैश, 275 की मौत
गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार (12 जून) को बड़ा हादसा हुआ। एअर इंडिया का विमान क्रैश हुआ था। विमान बीजे मेडिकल कॉलेज हॉस्टल पर गिरा। हादसे में 241 पैसेंजर्स सहित 275 लोगों की मौत हुई। विमान में 103 पुरुष, 114 महिलाएं, 11 बच्चे और 2 नवजात थे। बाकी 12 क्रू मेंबर्स थे। मृतकों में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी भी शामिल हैं। सिर्फ एक यात्री की जान बची है।
जानिए कब, कितनी उड़ानें हुई रद्द
अहमदाबाद प्लेन क्रैश के बाद 9 दिन में अलग-अलग वजह से अब तक 84 उड़ानें रद्द की गई हैं। 12 जून को 12, 13 जून को 11, 14 को 12, 15 जून को 14, 16 जून को 11, 17 जून को 16, 18 जून को 3, 19 जून को 4 और 20 जून को 8 फ्लाइट्स कैंसिल की गई हैं।
19 को ये फ्लाइट हुईं कैंसिल
19 जून को दिल्ली से वियतनाम जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI388 को बीच रास्ते से वापस दिल्ली बुलाया गया। प्लेन में तकनीकी खामी का पता चला। दिल्ली से लेह जा रही इंडिगो फ्लाइट 6E 2006 तकनीकी खराबी के कारण दिल्ली लौटी थी। हैदराबाद से तिरुपति जा रही फ्लाइट SG 2696 उड़ान भरने के 10 मिनट बाद वापस लौटी थी।। इंडिगो एयरलाइन विमान गुवाहाटी से चेन्नई जा रहा था। फ्यूल की कमी के चलते बेंगलुरु में उतारा गया। रीफ्यूलिंग के बाद वापस चेन्नई के लिए उड़ा।
15, 16 और 17 जून को ये फ्लाइट प्रभावित
16 और 15 जून को 4 अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स तकनीकी खामी या बम धमकी के कारण वापस लौटाई गईं। इनमें से लंदन, फ्रैंकफर्ट, हॉन्गकॉन्ग और चेन्नई से जुड़ी उड़ानें शामिल हैं। दुबई से जयपुर आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-196 में यात्री बिना AC के 5 घंटे बैठे रहे। यात्रियों ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर आक्रोश जताया है।


अहमदाबाद-लंदन फ्लाइट AI-159 रद्द
अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-159 17 जून को तकनीकी खराबी के चलते रद्द करनी पड़ी। एयर इंडिया की सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जा रही फ्लाइट AI-180 को कोलकाता में रोकना पड़ा, क्योंकि विमान के बाएं इंजन में तकनीकी समस्या आई गई थी। इंडिगो की अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट को भी बम की धमकी के कारण नागपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। यह फ्लाइट मस्कट से कोच्चि होते हुए दिल्ली जा रही थी। नागपुर पुलिस ने गहन जांच पड़ताल की, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
