आज का मौसम, 5 सितंबर: दिल्ली में बाढ़ का डर, पंजाब के लिए राहत; यूपी-बिहार में वज्रपात अलर्ट, जानें अपने शहर का हाल

Today Weather Update, 05 September 2025: मानसून इस वक्त पूरे देश में अलग-अलग रंग दिखा रहा है। दिल्ली-एनसीआर में लगातार बारिश से जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, तो वहीं पहाड़ों पर लैंडस्लाइड का खतरा मंडरा रहा है। यूपी और बिहार में कहीं झमाझम बारिश का अलर्ट है तो कहीं उमस और धूप लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। आइए जानते हैं आज देशभर के मौसम का हाल।
राजधानी में बाढ़ जैसे हालात
दिल्लीवासियों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बारिश से कई इलाकों में पानी भर गया है और यमुना का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग ने आज भी हल्की बारिश की संभावना जताई है। बाहर निकलने से पहले छाता और रेनकोट साथ रखना बेहतर होगा।
हरियाणा में मारकंडा-घग्गर उफान पर, 8 जिलों में स्कूल बंद
हरियाणा में बारिश ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। गुरुवार (4 सितंबर) को यमुना, घग्गर, मारकंडा, टांगरी और सहायक नदियों के उफान पर होने से कई गांवों में पानी घुस गया है। खेतों, सड़कों से लेकर घरों तक पानी भर गया है। प्रशासन ने बिगड़ते हालात को देखते हुए 8 जिलों में स्कूल बंद करने के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग ने 6 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
पंजाब के लिए थोड़ी राहत की खबर
पंजाब के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य में अगले पांच दिनों तक बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। पठानकोट से तरनतारन तक बाढ़ का पानी धीरे-धीरे घट रहा है। वहीं गुरुवार शाम 5 बजे भाखड़ा बांध का जलस्तर करीब 1679.05 फीट दर्ज हुआ, जो अब खतरे के निशान से 1 फीट कम है।
यूपी-बिहार में कैसा रहेगा आज मौसम?
उत्तर प्रदेश में ज्यादातर जिलों में आज बारिश से राहत मिल सकती है, लेकिन गाजियाबाद, नोएडा और बागपत में तेज बारिश का अलर्ट है। उधर, बिहार के सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर और सुपौल जैसे जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी हुई है। लोगों को सावधानी बरतने और घरों से कम बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
जम्मू-कश्मीर में खतरा बरकरार
जम्मू-कश्मीर में झेलम नदी का जलस्तर बढ़ने से कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। किश्तवाड़ में भूस्खलन से पांच लोग घायल हुए हैं।
उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड के नैनीताल और बागेश्वर में भारी बारिश का अलर्ट जारी है। प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। हालांकि, हिमाचल प्रदेश में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है और यहां भारी बारिश की कोई चेतावनी नहीं है।
