Today Weather Update 29 December: नए साल से पहले बदलेगा मौसम का मिजाज, कोहरा-ठंड और बारिश का अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर भारत के कई राज्यों में घने से बहुत घने कोहरे और शीत लहर को लेकर चेतावनी जारी की है।
Today Weather Update 29 December: साल 2025 के आखिरी दिनों में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर भारत के कई राज्यों में घने से बहुत घने कोहरे और शीत लहर को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 31 दिसंबर तक रात और सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में यह स्थिति 1 जनवरी तक बनी रह सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ से बढ़ेगी ठंड
IMD के अनुसार 30 दिसंबर से एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा। इसके असर से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इसी सिस्टम के कारण मैदानी इलाकों में भी मौसम बदलेगा और 31 दिसंबर से 1 जनवरी के बीच दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
यूपी-उत्तराखंड में शीत दिवस की चेतावनी, बिहार में बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग ने बताया है कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में शीत दिवस जैसी स्थिति बन सकती है। वहीं बिहार में 29 दिसंबर को ठंड का असर ज्यादा रहने की संभावना है, जिससे तापमान सामान्य से नीचे जा सकता है।
दिल्ली-NCR का मौसम
राजधानी दिल्ली में नए साल की शुरुआत बारिश के साथ होने के संकेत हैं। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 31 दिसंबर को दिल्ली में बादल छाए रहेंगे, जबकि 1 जनवरी को हल्की बारिश हो सकती है। 29 दिसंबर की सुबह दिल्ली के कई इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मौसम विभाग ने राजधानी के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है।
उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा आज का मौसम?
उत्तर प्रदेश में भी नए साल की शुरुआत भीषण ठंड और बारिश के साथ हो सकती है। IMD ने 1 जनवरी के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालांकि इससे पहले 29 दिसंबर को मौसम सामान्य रूप से साफ रह सकता है, लेकिन 31 दिसंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में घने से अत्यंत घने कोहरे का प्रकोप बना रहेगा। साथ ही कुछ इलाकों में शीत दिवस की चेतावनी भी दी गई है।
29 दिसंबर को प्रमुख शहरों का तापमान

झारखंड में शीत लहर का अलर्ट
झारखंड में कड़ाके की ठंड जारी है। राज्य के सात जिलों के लिए शीत लहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। हालांकि मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी की संभावना जताई है।
राजस्थान में मावठ की संभावना
राजस्थान में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार एक नया और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके असर से 31 दिसंबर और 1 जनवरी को बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ जिलों में हल्की बारिश या मावठ हो सकती है।
