CBSE Exam : प्रश्न पत्र में गड़बड़ी के कारण विद्यार्थियों को हुई परेशानी

हरिभूमि न्यूज. सोनीपत : प्रदेशभर में सीबीएसई (CBSE) द्वारा बोर्ड परीक्षाओं (Exam) का आयोजन किया जा रहा है। गुरुवार को 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने इंग्लिश विषय का पेपर दिया। पेपर में एक गलती की वजह से विद्यार्थियों को थोड़ी परेशानी हुई।
हुआ यूं कि प्रश्न पत्र के 11वें प्रश्न में जो तीसरा ऑप्शन था, उसके नीचे पाठ का नाम दिया गया था। जो पाठ का नाम दिया गया था, वह प्रश्न उस पाठ से संबंधित था ही नहीं। इसी वजह से बच्चों को कुछ हद तक परेशानी उठानी पड़ी। हालांकि राहत की बात ये रही कि इन तीन प्रश्नों में से कोई दो प्रश्न करने थे। इसी वजह से विद्यार्थियों को ज्यादा परेशानी नहीं हुई।
बता दें कि केंद्रीय विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं का आयोजन किया जा रहा है। परीक्षाएं वैसे तो लगभग एक सप्ताह पहले शुरू हो गई थी, लेकिन मुख्य विषयों की परीक्षाएं अब शुरू हुई हैं। बारहवीं कक्षा के परीक्षार्थियों ने गुरुवार को इंग्लिश विषय की परीक्षा दी। मुख्य विषयों की परीक्षा के तहत 12वीं कक्षा का यह दूसरा मुख्य विषय का पेपर था। इससे चार दिन पहले, पहला पेपर हिंदी का हुआ था। जिलेभर के लगभग सभी सीबीएसई मान्यता प्राप्त स्कूलों (school) में सेंटर बनाए गए हैं, जहां सुबह 10.30 बजे से 1.30 बजे तक बच्चों ने परीक्षा दी। परीक्षा के लिए बच्चों को सेंटर पर 9 बजे से ही एंट्री देनी शुरू कर दी गई थी। हालांकि 10 बजे तक एंट्री का आखिरी समय रहा। गुरुवार को परीक्षा देकर बाहर निकले विद्यार्थियों के चेहरों पर मुस्कान दिखाई दी। विद्यार्थियों ने बताया कि पेपर आसान रहा।
पेपर में मिस प्रिंटिंग रही वजह
पेपर में 11वां प्रश्न 4 नंबरों का था। इस प्रश्न में कुल 3 प्रश्न पूछे गए थे। इन तीन में से दो प्रश्न करने थे, दोनों प्रश्नों के 2-2 अंक मिलने थे। 40-50 शब्दों में उत्तर लिखने के लिए निर्देश दिए गए थे। इसी प्रश्न का जो तीसरा हिस्सा था, उस प्रश्न के नीचे पाठ का नाम जर्नी टू दा एंड ऑफ अर्थ लिखा गया था। जबकि इस प्रश्न का इस पाठ से कोई लेना-देना नहीं था। हालांकि बाकि दो प्रश्नों के नीचे पाठ के बारे में कोई जिक्र नहीं किया गया था। इसी वजह से एक बार तो प्रश्न देखकर विद्यार्थियों को परेशानी हुई, लेकिन शिक्षकों से बात करने पर पता चला कि यह मिस प्रिंटिंग की वजह से हुआ है। हालांकि अधिकतर जगहों पर बच्चों ने पहले दो प्रश्नों को ही हल किया।
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS