कर्नाटक सरकार का बड़ा फैसला: BBMP समाप्त, बेंगलुरु में बने 5 नए नगर निगम; जानें क्या होगा फायदा?

बीबीएमपी समाप्त: बेंगलुरु में बनाए गए 5 नए नगर निगम।
X

बीबीएमपी समाप्त: बेंगलुरु में बनाए गए 5 नए नगर निगम।  

कर्नाटक सरकार ने बृहद बेंगलुरु महानगर पालिका (BBMP) को समाप्त कर 5 नए निगम बनाने की घोषणा की है। जानें कैसे क्षेत्र और सीमाएं और फैसले का उद्देश्य

Bengaluru Municipal Corporation: कर्नाटक सरकार ने बृहद बेंगलुरु महानगर पालिका (बीबीएमपी) को समाप्त कर 5 नए निगम बनाने का महत्वपूर्ण फैसला लिया है। डिप्टी CM डीके शिवकुमार ने मंगलवार, 2 सितम्बर को प्रेस कान्फ्रेंस कर इस फैसले को ऐतिहासिक बताया। कहा, इससे शहर का विकास करने और प्रबंधन में आसानी होगी। जनसुविधाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।

डिप्टी CM डीके शिवकुमार ने बताया कि सरकार ने यह फैसला सभी राजनीतिक दलों के नेताओं और विधायकों की सहमति से लिया है। सभी से इसके लिए व्यापक चर्चा हुई है। शिवकुमार ने कहा, सरकार ने सभी सुझावों और सलाहों पर गौर किया गया है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया है कि नए निगम का नाम बेंगलुरु की पहचान से जुड़ा रहे।


बेंगलुरु सिटी: ये हैं 5 नए नगर निगम


बेंगलुरु मध्य नगर निगम (Bengaluru Central)

  • विधानसभा क्षेत्र: सीवी रमन नगर, चामराजपेट, चिकपेट, गांधीनगर, शांतिनगर, शिवाजीनगर।
  • खासियत: बेंगलुरु मध्य नगर निगम शहर के घनी आबादी वाले इलाकों (2023 के आंकड़ों के अनुसार 15 लाख) को मिलाकर बनाया गया है। इसमें प्रमुख बाज़ार और विरासत स्थल शामिल हैं। पाँच नए नगर निगमों में से यह सबसे कम क्षेत्रफल (78 वर्ग किलोमीटर) वाला निगम है। यह 659 करोड़ राजस्व अर्जित करता है।

बेंगलुरु पूर्व नगर निगम (Bengaluru East)

  • विधानसभा क्षेत्र: के.आर.पुरम और महादेवपुरा (बेलंदूर वार्ड को छोड़कर)।
  • खासियत: कई जलाशयों और आवासीय लेआउट के चलते पूर्वी बेंगलुरु पाँचों नगर निगमों में सर्वाधिक संपत्ति कर का योगदान देता है। इसका संग्रह 912 करोड़ रुपये है। अपनी अपेक्षाकृत कम जनसंख्या, मात्र 9 लाख के बावजूद, इसका आर्थिक महत्व निर्विवाद है। यह शहर के 168 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है।

बेंगलुरु उत्तर नगर निगम (Bengaluru North)

  • विधानसभा क्षेत्र: बयातारायणपुरा, दशरहल्ली (शेट्टीहल्ली को छोड़कर), मल्लसंद्रा, बगलकुंटे, टी दशरहल्ली, हेब्बल, पुलकेशीनगर (कुशल नगर को छोड़कर), आरआर नगर (जलाहल्ली को छोड़कर), जेपी पार्क, यशवंतपुरा, सर्वज्ञनगर, येलहंका।
  • उत्तरी निगम बेंगलुरु के कई प्रमुख स्थानों को अपने में समेटे हुए है और लगभग 158 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। इसकी आबादी 18 लाख है और यह 543 करोड़ रुपये का संपत्ति कर उत्पन्न करता है।

बेंगलुरु दक्षिण नगर निगम (Bengaluru South)

  • विधानसभा क्षेत्र: बीटीएम लेआउट, बेंगलुरु दक्षिण, बोम्मनहल्ली, जयनगर, महादेवपुरा (बेलंदूर का हिस्सा), पद्मनाभनगर (बानाशंकरी मंदिर, कुमारस्वामी लेआउट, पद्मनाभनगर, चिक्कलसंद्रा), आरआर नगर (आरआर नगर वार्ड), यशवंतपुर (हेममिगेपुरा का हिस्सा)।
  • खासियत: शहर के 147 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैले दक्षिणी नगर निगम में आवासीय और व्यावसायिक दोनों तरह के विकास कार्य होते हैं। जनसंख्या (17 लाख) और कर संग्रह (733 करोड़ रुपये) दोनों ही मामलों में यह दूसरे स्थान पर है।

बेंगलुरु पश्चिम नगर निगम (Bengaluru West)

  • विधानसभा क्षेत्र: बसवनगुड़ी, दशरहल्ली (चोक्कासंद्रा, पीआईए, राजगोपालनगर, हेग्गनहल्ली), गोविंदराज नगर, महालक्ष्मी लेआउट, मल्लेश्वरम, पद्मनाबा नगर (होसुर हल्ली, गणेश मंदिर, कारी सैंड्रा, येदियुर), राजाजी नगर, आरआर नगर (एचएमटी, लक्ष्मीदेवीनगर), लाग्गेरे, कोट्टीगेपाल्या, ज्ञानभारती, आरआर नगर वार्ड, विजया नगर।
  • खासियत: पाँचों में सबसे ज़्यादा, 26 लाख की आबादी वाला पश्चिमी निगम, कुछ उल्लेखनीय मंदिरों और शॉपिंग मॉल से युक्त है। यह 161 वर्ग किलोमीटर में फैला है और 580 करोड़ रुपये का अनुमानित कर राजस्व एकत्रित करता है, जो मध्यम श्रेणी का है।

विधानसभा क्षेत्रों की सीमाएं बरकरार

सिद्धारमैया सरकार ने बृहद बेंगलुरु महानगर पालिका (बीबीएमपी) को समाप्त कर पांच नगर निगम बनाए हैं।इसमें 22 विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं में कोई छेड़छाड़ नहीं की गई। इन्हें यथावत रखा गया है। सरकार के इस फैसले का कुछ राजनीतिक नजरिए से भी देख रहे हैं।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story