Radhika Wedding Look: राधिका मर्चेंट ने विदाई में पहना सोने-चांदी से जड़ा बनारसी लहंगा, सात फेरों में पहनी खानदानी ज्वेलरी

Radhika Merchant Wedding Look: शुक्रवार, 12 जुलाई 2024 को रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के सबसे छोटे बेटे अनंत अंबानी की राधिका मर्चेंट से शादी हुई। शादी के हर समारोह बड़े ही धूम-धाम से हुए। सभी फंक्शन्स में अंबानी और मर्चेंट परिवार के लुक्स भी बेहद खास रहे। 12 जुलाई को अनंत-राधिका ने सात फेरे लिए जिसमें उन्होंने खास सोने-चांदी से बने आउटफिट पहने।
सबसे ज्यादा चर्चा दुल्हन बनीं राधिका मर्चेंट के लुक की रही। उन्होंने सात फेरों और विदाई सेरेमनी के लिए दो अलग आउटफिट पहने थे जिन्हें असली सोने-चांदी के धागों और क्रिस्टल से डिजाइन किया गया था। लेकिन सबसे ज्यादा ध्यान उनके विदाई लुक ने खींचा है।
राधिका मर्चेंट ने विदाई समारोह में खूबसूरत लाल रंग का बनारसी लंहगा पहना था जिसे सेलेब्रिटी डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने डिजाइन किया था। ब्रोकेड वाले लहंगे के स्कर्ट पर पीले और लाल रंग को इस प्रकार जोड़ा गया था जिससे इसका इफेक्ट सूर्यास्त की तरह लगे, जिसमें कभी सूर्यास्त जैसा सुर्ख लाल रंग दिखेगा, कभी नारंगी, तो कभी पीला।
तस्वीरों में अंबानी की छोटी बहुरानी बहुत रीगल और रॉयल लग रही हैं। लहंगे बेहद खास तरीके से डिजाइन किया गया था। इस पर की गई सुनहरी कढ़ाई ने सबका ध्यान खींचा, क्योंकि इसपर असली सोने के धागों से एम्ब्रॉयडरी की गई थी। इसके हाई नेक और फुल स्लीव्स ब्लाउज पर असली सोने के तारों से पारंपरिक कारचोबी (कच्च गुजरात की कलाकारी) कढ़ाई हुई थी। इसकी कारीगरी 19 वीं सदी के गुजरात में मशहूर डिजाइनिंग से प्रेरित थी।
चोली ब्लाउज को बैकलेस रखा गया था जिसमें तीन पट्टियों से डिजाइन किया गया था। इस पर भी गोल्ड वर्क था। लंहगे के दुपट्टे के साथ राधिका ने सिर पर गुलाबी रंग का खूबसूरत कढ़ाई से सजा बनारसी दुपट्टा डाला था। इसे वेल इफ्केट की तरह स्टाइल किया था।
इतना ही नहीं राधिका ने अनंत के साथ सात फेरे के समय सफेद-लाल रंग का खूबसूरत लहंगा पहना था। घाघरा को आइवरी जरदोजी कट-वर्क के साथ बनाया गया है, जिसमें सोने-चांदी की जरदोजी की हाथ से एम्ब्रॉइडरी की गई थी।
इसके साथ उन्होंने खास ज्वेलरी पहनी थी जिसने काफी ध्यान खींचा। उन्होंने शुभ विवाह समारोह के लिए मर्चेंट परिवार की खानदानी ज्वेलरी पहनी थी। ये उनका पारिवारिक आभूषण था जिसे उनकी नानी, फिर मां और बहन ने पहना था। राधिका ने खुद भी अपनी शादी में इसे पहना।
