Spicy Garlic Chutney: खाने का स्वाद बढ़ाने में लहसुन चटनी का कोई सानी नहीं है। खासतौर पर उनके लिए जो लोग तीखा खाना पसंद करते हैं।

Spicy Garlic Chutney: अगर आप खाने में तीखा और चटपटा स्वाद पसंद करते हैं, तो लहसुन-लाल मिर्च की चटनी आपके लिए किसी ट्रीट से कम नहीं है। यह चटनी हर साधारण खाने को भी खास बना देती है—चाहे वह दाल-चावल हो, पराठा या स्नैक्स। इसकी तेज खुशबू और तीखा स्वाद खाने का मजा कई गुना बढ़ा देता है।

सबसे अच्छी बात यह है कि इस चटनी को बनाने में ज्यादा समय या मेहनत नहीं लगती। सिर्फ 10 मिनट में आप इसे तैयार कर सकते हैं और लंबे समय तक स्टोर भी कर सकते हैं। आइए जानते हैं इस स्वादिष्ट और मसालेदार चटनी की आसान रेसिपी।

लहसुन लाल मिर्च चटनी बनाने के लिए सामग्री

  • 10-12 सूखी लाल मिर्च
  • 8-10 लहसुन की कलियां
  • 1 छोटा चम्मच जीरा
  • 1/2 चम्मच नमक (स्वादानुसार)
  • 1 चम्मच नींबू का रस या इमली का पानी
  • 2 चम्मच तेल
  • 1 चुटकी हींग

लहसुन लाल मिर्च चटनी बनाने का तरीका

लहसुन की तीखी चटनी बानाने के लिए सबसे पहले सूखी लाल मिर्च को गर्म पानी में 5-7 मिनट के लिए भिगो दें, ताकि वह नरम हो जाए और आसानी से पीस सकें। 
अब एक मिक्सर में भीगी हुई लाल मिर्च, लहसुन की कलियां, जीरा और नमक डालकर दरदरा या स्मूद पेस्ट बना लें। जरूरत हो तो थोड़ा पानी भी डाल सकते हैं।

एक पैन में तेल गर्म करें और उसमें हींग डालें। अब तैयार चटनी पेस्ट को इसमें डालकर 2-3 मिनट तक धीमी आंच पर भूनें। इससे इसका स्वाद और खुशबू और भी बढ़ जाती है।

अब इसमें नींबू का रस या इमली का पानी डालें और अच्छी तरह मिक्स करें। इससे चटनी में हल्का खट्टापन आएगा, जो स्वाद को बैलेंस करता है। तैयार चटनी को ठंडा होने दें और फिर पराठे, पकौड़े, समोसे या किसी भी स्नैक के साथ सर्व करें। इसका तीखा स्वाद हर बाइट को खास बना देगा।

क्यों खास है ये चटनी?

लहसुन में एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं और लाल मिर्च मेटाबॉलिज्म को बढ़ाने में मदद करती है। यह चटनी ना सिर्फ स्वाद बढ़ाती है, बल्कि शरीर के लिए भी फायदेमंद हो सकती है, अगर इसे संतुलित मात्रा में खाया जाए।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।