Upma Recipe: सुबह की भागदौड़ में अगर कुछ ऐसा चाहिए जो झटपट बने, स्वाद से भरपूर हो और सेहत का भी पूरा ध्यान रखे तो महाराष्ट्रीयन उपमा से बेहतर विकल्प मुश्किल है। सूजी, सब्ज़ियां और हल्के तड़के का कमाल इसे हर उम्र के लोगों के लिए परफेक्ट ब्रेकफास्ट बनाता है।

महाराष्ट्र के घरों से निकलकर पूरे देश में पसंद किया जाने वाला उपमा आज हेल्दी लाइफस्टाइल का अहम हिस्सा बन चुका है। कम तेल, फाइबर से भरपूर और पेट को देर तक भरा रखने वाला यह व्यंजन वज़न कंट्रोल से लेकर एनर्जी बूस्ट तक में मददगार माना जाता है।

महाराष्ट्रीयन उपमा बनाने के लिए सामग्री

सूजी (रवा) - 1 कप
तेल - 2 टेबलस्पून
राई - 1 टीस्पून
उड़द दाल - 1 टीस्पून
मूंगफली - 2 टेबलस्पून
करी पत्ता - 8-10 पत्ते
हरी मिर्च - 1-2 (बारीक कटी)
प्याज - 1 (बारीक कटा)
अदरक - 1 टीस्पून (कद्दूकस)
गाजर - 1/2 कप (कटी)
मटर - 1/2 कप
नमक - स्वादानुसार
पानी - 21/2 कप
नींबू रस - 1 टेबलस्पून
हरा धनिया - सजाने के लिए

महाराष्ट्रीयन उपमा बनाने का तरीका

महाराष्ट्रीयन उपमा एक स्वादिष्ट ब्रेकफास्ट रेसिपी है। इसे तैयार करने के लिए सबसे पहले एक कड़ाही में सूजी को धीमी आंच पर हल्का सुनहरा होने तक भून लें। इसे अलग निकालकर रख दें, ताकि उपमा में गांठें न पड़ें।

अब उसी कड़ाही में तेल गरम करें। राई डालें, चटकने पर उड़द दाल और मूंगफली डालें। दाल हल्की सुनहरी हो जाए तो करी पत्ता और हरी मिर्च डालें। इसमें प्याज और अदरक डालकर हल्का भूनें। फिर गाजर और मटर डालें। सब्ज़ियां नरम हों, लेकिन उनका रंग बना रहे।

अब पानी और नमक डालकर उबाल आने दें। उबाल आने पर भुनी हुई सूजी धीरे-धीरे डालते हुए लगातार चलाएं। ढककर 2-3 मिनट पकाएं। आंच बंद कर नींबू रस और हरा धनिया मिलाएं। हल्का फुला-फुला उपमा तैयार है। 

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।