French Fries: बच्चों को खूब पसंद आता है फ्रेंच फ्राइज़, पॉपुलर स्ट्रीट फूड घर पर करें तैयार, सीखें बनाना

French Fries: फास्ट फूड के तौर पर फ्रेंच फ्राइज़ को खूब पसंद किया जाता है। स्ट्रीट फूड के तौर पर फ्रेंच फ्राइज़ काफी पॉपुलर हो चुका है। बच्चे हों या फिर यूथ हाथ में फ्रेंच फ्राइज़ की कैन लिए इसे खाते अक्सर दिखाई दे जाते हैं। फ्रेंच फ्राइज़ एक फटाफट तैयार होने वाला स्नैक्स है और इसे इतना पसंद किया जाता है कि दिन हो या रात इसे हर वक्त खाने के लिए लोग तैयार रहते हैं।
मार्केट का फ्रेंच फ्राइज़ पूरी तरह हाइजेनिक हो इसकी गारंटी नहीं है। ऐसे में आप अपने बच्चों के लिए घर पर ही फ्रेंच फ्राइज़ तैयार कर सकते हैं। ये बनाने में काफी आसान है। आइए जानते हैं इसकी रेसिपी।
फ्रेंच फ्राइज़ के लिए सामग्री
आलू: 4-5 (बड़े आकार के)
नमक: स्वादानुसार
काली मिर्च पाउडर: स्वादानुसार
तेल: डीप फ्राई करने के लिए (जैसे सूरजमुखी तेल, मक्का का तेल)
इसे भी पढ़ें: Suji Upma Recipe: इडली, डोसा नहीं..इस बार नाश्ते में बनाएं सूजी उपमा, जो खाएगा करेगा तारीफ, सीखें रेसिपी
फ्रेच फ्राइज़ बनाने की विधि
आलू को तैयार करें: आलू को छीलकर धो लें। फिर इन्हें लंबे और पतले टुकड़ों में काट लें। ये टुकड़े जितने पतले होंगे, उतने ही कुरकुरे फ्रेंच फ्राइज़ बनेंगे।
आलू को भिगोएं: कटे हुए आलू को ठंडे पानी में कम से कम 30 मिनट के लिए भिगो दें। इससे अतिरिक्त स्टार्च निकल जाएगा और फ्रेंच फ्राइज़ अधिक कुरकुरे बनेंगे।
पानी निकालें और सुखाएं: भिगोए हुए आलू को पानी से निकालकर किचन टॉवेल या पेपर टॉवल से अच्छी तरह सुखा लें।
मसाले मिलाएं: एक बड़े बाउल में सूखे आलू के टुकड़ों को डालें। इसमें नमक और काली मिर्च पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें।
फ्राई करें: एक कढ़ाई में तेल गरम करें। जब तेल गरम हो जाए तो आलू के टुकड़ों को छोटे-छोटे बैच में डालकर सुनहरा होने तक डीप फ्राई करें। ध्यान रखें कि तेल बहुत ज्यादा गरम न हो, नहीं तो फ्रेंच फ्राइज़ बाहर से जल जाएंगे और अंदर से कच्चे रह जाएंगे।
निकालकर परोसें: फ्रेंच फ्राइज़ को एक पेपर नैपकिन पर निकालकर अतिरिक्त तेल हटा दें। गरमागरम फ्रेंच फ्राइज़ को टोमैटो सॉस, मेयोनीज़ या अपनी पसंद के किसी भी सॉस के साथ परोसें।
इसे भी पढ़ें: Palak Roti: पालक रोटी बढ़ा देगी लंच-डिनर का स्वाद, पोषण से भरपूर, इस तरीके से बनाएंगे तो बच्चे भी खूब खाएंगे
कुछ अतिरिक्त टिप्स
आलू का चुनाव: फ्रेंच फ्राइज़ बनाने के लिए आप स्टार्ची आलू का इस्तेमाल कर सकते हैं।
तलने का तेल: डीप फ्राई करने के लिए उच्च स्मोक पॉइंट वाला तेल का इस्तेमाल करें।
तापमान: तेल का तापमान 175-190 डिग्री सेल्सियस होना चाहिए।
दो बार तलना: अधिक कुरकुरे फ्रेंच फ्राइज़ के लिए, आलू को पहले कम तापमान पर आधा पकाएं और फिर उच्च तापमान पर सुनहरा होने तक तलें।