Bread Pakoda Recipe: ब्रेड पकोड़ा एक टेस्टी स्नैक रेसिपी है जिसे खूब पसंद किया जाता है। जानते हैं इसे मिनटों में तैयार करने की विधि।

Bread Pakoda Recipe: शाम की चाय हो और साथ में कुछ कुरकुरा न हो, तो मजा अधूरा लगता है। ऐसे में अगर आप कम समय में कुछ स्वादिष्ट और भरपेट बनाना चाहते हैं, तो ब्रेड पकोड़ा एक बेहतरीन विकल्प है। बाहर से क्रिस्पी और अंदर से मसालेदार भरावन वाला यह स्नैक बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है।

अक्सर लोग सोचते हैं कि ब्रेड पकोड़ा बनाना झंझट भरा काम है, लेकिन सही ट्रिक अपनाकर इसे सिर्फ 5 मिनट में तैयार किया जा सकता है। खास बात यह है कि इसकी सामग्री भी लगभग हर घर में आसानी से मिल जाती है। आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान और झटपट तरीका।

ब्रेड पकोड़ा बनाने के लिए सामग्री

  • 4 ब्रेड स्लाइस
  • 2 उबले आलू (मैश किए हुए)
  • 1 हरी मिर्च (बारीक कटी)
  • 1 छोटा प्याज (बारीक कटा)
  • 1/2 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • 1/2 चम्मच गरम मसाला
  • स्वादानुसार नमक
  • 1 कप बेसन
  • एक चुटकी हल्दी
  • थोड़ा सा अजवाइन
  • तलने के लिए तेल

ब्रेड पकोड़ा बनाने का तरीका

ब्रेड पकोड़ा एक बेहद स्वादिष्ट स्नैक रेसिपी है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक बाउल में मैश किए हुए आलू लें। इसमें बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, नमक, लाल मिर्च पाउडर और गरम मसाला डालें। सभी चीजों को अच्छे से मिलाकर मसालेदार मिश्रण तैयार करें।

अगर चाहें तो इसमें थोड़ा सा धनिया पत्ती भी मिला सकते हैं, जिससे स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ेंगे। अब एक अलग बर्तन में बेसन लें। इसमें नमक, हल्दी और अजवाइन डालें। अब थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए गाढ़ा और स्मूद घोल तैयार करें।

Dalchini Benefits: ब्लड शुगर कंट्रोल करने में मददगार है दालचीनी, इम्यूनिटी भी करेगी बूस्ट, 5 फायदे जानें

Original Leather: असली लेदर की पहचान चुटकियों में होगी, इन ट्रिक्स को करें फॉलो, नहीं खाएंगे धोखा!

Apple Oats Milkshake: सेब ओट्स मिल्क शेक से दिन की शुरुआत करें, एनर्जी मिलेगी भरपूर

ध्यान रखें कि घोल न ज्यादा पतला हो और न ही बहुत ज्यादा गाढ़ा। ऐसा कंसिस्टेंसी रखें कि ब्रेड को अच्छी तरह कोट कर सके। अब ब्रेड स्लाइस पर आलू का मिश्रण फैलाएं और दूसरी ब्रेड से ढक दें। चाहें तो इसे त्रिकोण आकार में काट लें। तैयार सैंडविच को बेसन के घोल में डुबोएं ताकि वह चारों तरफ से अच्छे से कवर हो जाए।

कढ़ाही में तेल गर्म करें और मध्यम आंच पर ब्रेड पकोड़े को सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। दोनों तरफ से अच्छी तरह पकने के बाद टिश्यू पेपर पर निकाल लें ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए। गरमा-गरम ब्रेड पकोड़े को हरी चटनी या मीठी इमली की चटनी के साथ परोसें।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।