Health Tips: गर्मियों में खीरा छीलकर खाएं या नहीं? जानें खाने का सही तरीका और सेहत पर इसका असर

Health Tips: गर्मियों में खीरा एक ऐसी चीज़ है जो लगभग हर घर की रसोई में दिख ही जाता है। यह न सिर्फ शरीर को ठंडक देता है बल्कि हाइड्रेशन, पाचन और त्वचा की सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है। मगर अक्सर लोगों के मन में एक सवाल उठता है कि खीरा छीलकर खाना चाहिए या बिना छीले।
अगर आप भी इसी उलझन में हैं, तो आइए जानते हैं इसका वैज्ञानिक और स्वास्थ्य पर आधारित जवाब, ताकि आप इसके सभी पोषक गुणों का पूरा फायदा उठा सकें।
छिलके में छिपे हैं पोषण के असली तत्व
खीरे का बाहरी भाग यानी छिलका कई बार कड़वा ज़रूर लगता है, लेकिन असल में उसी में इसका पोषण का खजाना छिपा होता है। आइए जानते हैं खीरे के छिलके में पाए जाने वाले पोषक तत्वों के बारे में-
- फाइबर: यह पाचन क्रिया को बेहतर बनाता है और कब्ज से राहत दिलाता है।
- विटामिन K: यह हड्डियों को मज़बूती देता है और खून के थक्के बनने में सहायक होता है।
- एंटीऑक्सीडेंट्स: यह शरीर को फ्री रेडिकल्स से बचाते हैं, जिससे इम्यून सिस्टम बेहतर होता है।
- सिलिका: यह त्वचा और बालों के लिए बेहद फायदेमंद है और उम्र की रेखाएं कम करने में मददगार है।
लोग छिलका क्यों हटाते हैं?
बहुत से लोग खीरा इसलिए छीलते हैं क्योंकि छिलका कभी-कभी कड़वा या रुखा हो सकता है, साथ ही खेती में इस्तेमाल किए गए कीटनाशकों और रसायनों का डर होता है। हालांकि, अगर आप खीरे को अच्छे से ठंडे पानी, बेकिंग सोडा या नमक के साथ रगड़कर धोते हैं, तो इसका छिलका खाने लायक और सुरक्षित हो सकता है।
छीलने से क्या खोते हैं आप?
जब आप खीरे का छिलका हटा देते हैं, तो फाइबर, विटामिन K और एंटीऑक्सीडेंट्स जैसी पोषक चीजें भी हट जाती हैं। जिसके बाद केवल पानी और कुछ मात्रा में फाइबर ही शरीर को मिल पाता है। त्वचा और पाचन को मिलने वाले असली लाभ कम हो जाते हैं।
क्या है खीरा खाने का सही तरीका?
- अगर खीरा ऑर्गेनिक है या आपने उसे सही तरीके से धोया है, तो बिना छीले खाएं।
- अगर छिलका बहुत कड़वा है या साफ-सफाई को लेकर संदेह है, तो हल्के से ज़िग-ज़ैग तरीके से छीलें, जिससे कुछ छिलका बचा रहे और पोषण भी बना रहे।
- बच्चों या बुजुर्गों के लिए, अगर पाचन में दिक्कत हो तो हल्का छीलना फायदेमंद हो सकता है।