Kiwi Plantation: घर पर भी उगा सकते हैं सुपरफूड 'कीवी', सही ग्रोथ के लिए इन बातों का रखें ध्यान

गमले में कीवी उगाने और देखभाल के टिप्स।
Kiwi Plantation: कीवी को सुपरफूड यूं ही नहीं कहा जाता। विटामिन सी, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर यह फल इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद करता है। आमतौर पर लोग इसे महंगा और विदेशई फल मानते हैं, लेकिन सही जानकारी हो तो कीवी घर पर भी उगाई जा सकती है। आप अगर गार्डनिंग में प्रयोग पसंद करते हैं तो कीवी प्लांटेशन कर सकते हैं।
अगर आपके पास छत, बालकनी या छोटा सा गार्डन है, तो आप कीवी की बेल आसानी से लगा सकते हैं। बस इसकी ग्रोथ से जुड़ी कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना होता है। सही मिट्टी, मौसम और देखभाल से कीवी का पौधा अच्छी पैदावार देता है।
घर पर कीवी उगाने के लिए क्यों सही है यह समय
कीवी ठंडे और हल्के गर्म मौसम में अच्छी तरह बढ़ती है। भारत में उत्तर भारत और पहाड़ी इलाकों के साथ अब मैदानी क्षेत्रों में भी सही देखभाल से कीवी उगाई जा रही है। यह एक बेल वाला पौधा है, जिसे सहारे की जरूरत होती है।
सही किस्म का चुनाव करें: घर पर उगाने के लिए हार्डी कीवी या इस्साई कीवी किस्म ज्यादा बेहतर मानी जाती है। ये किस्में कम तापमान सहन कर लेती हैं और छोटे स्पेस में भी अच्छी ग्रोथ दिखाती हैं। पौधा हमेशा नर्सरी से ही लें।
मिट्टी और गमले का रखें खास ध्यान: कीवी के लिए हल्की, भुरभुरी और अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी जरूरी होती है। मिट्टी का मिश्रण: 40% गार्डन सॉइल, 30% गोबर की खाद, 20% रेत, 10% कोकोपीट। गमला कम से कम 18-24 इंच गहरा होना चाहिए।
धूप और तापमान है सबसे जरूरी: कीवी के पौधे को रोजाना 5-6 घंटे की धूप चाहिए। बहुत तेज गर्मी में पौधे को हल्की छांव देना बेहतर रहता है। 10 से 25 डिग्री सेल्सियस तापमान कीवी की ग्रोथ के लिए आदर्श माना जाता है।
पानी देने का सही तरीका अपनाएं: कीवी के पौधे को ज्यादा पानी पसंद नहीं होता। मिट्टी सूखने पर ही पानी दें। गर्मियों में सप्ताह में 2-3 बार और सर्दियों में 1-2 बार पानी काफी होता है। पानी जमा होने से जड़ें सड़ सकती हैं।
सहारा और कटाई-छंटाई जरूरी: चूंकि कीवी बेल वाला पौधा है, इसलिए ट्रेलिस, तार या मजबूत स्टैंड का सहारा देना जरूरी है। समय-समय पर सूखी और कमजोर टहनियों की कटाई करें, इससे पौधे की ऊर्जा सही दिशा में लगती है और फल अच्छे आते हैं।
फल आने में कितना समय लगता है?
कीवी का पौधा लगाने के 2 से 3 साल बाद फल देना शुरू करता है। धैर्य और नियमित देखभाल से एक पौधे से कई किलो तक कीवी मिल सकती है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
