Yoga Day 2025: कामकाजी महिलाओं के लिए ये 5 आसान योगासन हैं बेस्ट, भागदौड़ भरी जिंदगी से मिलेगी राहत

International Yoga Day 2025
Yogasanas For Working Women: लॉन्ग सिटिंग जॉब की वजह से वर्किंग वूमेन के पीठ में दर्द, मोटापा, डायबिटीज और दिल संबंधी समस्याओं का जोखिम बढ़ सकता है। इन सभी समस्याओं से छुटकारा पाने और बचाव करने के लिए नियमित रूप से कुछ योगासनों का अभ्यास करना बहुत जरूरी है। योग करने से न सिर्फ शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मन भी चुस्त रहता है। रोजाना योग अभ्यास करने से तनाव, अवसाद और चिंता जैसी समस्याएं भी दूर होती हैं।
पश्चिमोत्तानासन
कैसे करें: इस आसन को करने के लिए सबसे पहले सुखासन में बैठ जाएं। अब अपने दोनों पैरों को सामने की ओर सीध में खोलकर बैठ जाएं, दोनों एड़ी और पंजे मिलाकर रखें। उसके बाद सांस छोड़ते हुए और आगे की ओर झुकते हुए दोनों हाथों से दोनों पैरों के अंगूठे पकड़ लें। इस समय माथे को घुटनों से लगाएं और दोनों कोहनियां जमीन पर लगाएं। इस पोजीशन में आप खुद को 30 से 60 सेकेंड तक रखें, धीमी सांस लेते रहें। फिर पहले वाली स्थिति में आ जाएं। इस प्रक्रिया को 3-5 बार किया जा सकता है।
आसन के फायदे: इस आसन को करने से हड्डियों में लचीलापन आता है। नियमित रूप से इसका अभ्यास करने से पाचन-तंत्र दुरुस्त रहता है और पेट से जुड़ी समस्याएं दूर होती हैं। वजन घटाने और पेट की चर्बी को कम करने के लिए भी यह आसन बहुत फायदेमंद माना जाता है।
मार्जरी आसन
कैसे करें: इस आसन को करने के लिए पहले वज्रासन की मुद्रा में बैठ जाएं और दोनों हाथों को फर्श पर आगे की ओर रखें। अब दोनों हाथों पर थोड़ा सा भार डालते हुए, अपने हिप्स को ऊपर उठाएं और जांघों को ऊपर की ओर सीधा करके पैर के घुटनों पर 90 डिग्री का कोण बनाएं और सांस भरते हुए सिर को नीचे की ओर झुकाएं और मुंह की ठुड्डी को छाती से लगाने का प्रयास करें। इस स्थिति में घुटनों के बीच की दूरी को देखें। अब फिर से सिर को पीछे की ओर करें और इस प्रक्रिया को दोहराहएं। इस प्रक्रिया को प 10-20 बार किया जा सकता है।
आसन के फायदे : इस आसन के नियमित अभ्यास से रीढ़ की हड्डी मजबूत होती है और पीठ के दर्द से राहत मिलती है। यह आसन पेट की चर्बी को कम करने में मददगार साबित हो सकता है। इस आसन को करने से तनाव दूर करने में बहुत मदद मिलती है।
भुजंगासन
कैसे करें: इस आसन को करने के लिए मैट पर पेट के बल लेट जाएं और कोहनियों को कमर से सटाकर रखें और हथेलियां ऊपर की ओर रखें। अब धीरे-धीरे सांस भरते हुए, छाती को ऊपर की ओर उठाएं। उसके बाद पेट वाले हिस्से को धीरे-धीरे ऊपर उठा लें। इस स्थिति में 30 सेकेंड तक रहें। अब सांस छोड़ते हुए पेट, छाती और फिर सिर को धीरे-धीरे जमीन की ओर नीचे लाएं।
आसन के फायदे: कंप्यूटर और लैपटॉप के संग वर्क करने वाली महिलाओं को अकसर कमर और गर्दन में दर्द की शिकायत रहती है। इस आसन को करने से मांसपेशियों को आराम मिलता है, जिससे दर्द से राहत मिलती है।
बालासन
कैसे करें: बालासन को करने के लिए सबसे पहले योगा मैट पर घुटनों के बल बैठ जाएं और अपने शरीर का सारा भार एड़ियों पर रखें। अब गहरी सांस भरते हुए आगे की ओर झुकें और माथे से फर्श को छूने की कोशिश करें। ध्यान रहे कि ऐसा करते समय सीना जांघों से छूना चाहिए। कुछ सेकेंड तक इस स्थिति में रहने के बाद वापस सामान्य स्थिति में आ जाएं। इस प्रक्रिया को 3-5 बार किया जा सकता है।
आसन के फायदे: इस आसन को करने से वर्किंग वुमेन को पीठ और कमर के दर्द से आराम मिलता है। साथ ही नींद अच्छी आती है।
वीरभद्रासन
कैसे करें: यह आसन करने के लिए सबसे पहले योग मैट पर सीधे खड़ी हो जाएं। अब अपने दोनों पैरों को फैलाएं। पैरों के बीच 2-3 फीट की दूरी रखें और अब दोनों हाथों को कंधे के समानांतर रखें। फिर अपने दाएं पैर को 90 डिग्री के कोण पर घुमाएं। यानी घुटने से मोड़ते हुए तलवे के जमीन पर रखें। बाएं पैर को पीछे की तरफ स्ट्रेच करें और अपने सिर को दाएं पैर और हाथ की तरफ रखें। फिर सामने की तरफ देखें। इस स्थिति में 50-60 सेकेंड तक रुकें, फिर पहले वाली स्थिति में आ जाएं। इस प्रक्रिया को 3-5 बार किया जा सकता है।
आसन के फायदे: इस आसन को करने से कंधे, सीने, हिप्स और जांघों की मांसपेशियों में खिंचाव पैदा होता है। यह योगासन शरीर में संतुलन और स्थिरता बनाने में मदद करता है।
प्रस्तुति- (ललिता गोयल)