White Cloths Cleaning: सफेद कपड़ों की चमक नहीं पड़ेगी फीकी, इस तरीके से करें वॉश, हरदम दिखेंगे नए जैसे

White Cloths Cleaning: सफेद कपड़े पहनना हर किसी को अच्छा लगता है। लेकिन इन्हें साफ रखना किसी जंग से कम नहीं होता। एक बार अगर इन पर दाग लग जाए या ये पीले पड़ने लगें, तो दोबारा पहले जैसा चमकदार लुक लौटाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में कुछ लोग तो सफेद कपड़े खरीदने से ही कतराने लगते हैं। हालांकि इन्हें आसानी से क्लीन किया जा सकता है।
थोड़ी सी समझदारी, सही तरीके और घरेलू नुस्खों की मदद से सफेद कपड़े फिर से वैसे ही चमकदार बनाए जा सकते हैं जैसे पहले दिन थे। आइए जानें सफेद कपड़ों को धोने और उनकी चमक बरकरार रखने के आसान और असरदार टिप्स।
सफेद कपड़ों की वॉशिंग कैसे करें?
सफेद कपड़े अलग धोएं
सफेद कपड़ों को कभी भी रंगीन कपड़ों के साथ न धोएं। इससे रंग लगने का खतरा रहता है। हमेशा इन्हें अलग रखें और हल्के गर्म पानी का इस्तेमाल करें ताकि धूल और पसीने की गंदगी अच्छे से निकल सके।
बेकिंग सोडा का कमाल
एक बाल्टी पानी में 2 चम्मच बेकिंग सोडा डालें और उसमें कपड़े 30 मिनट के लिए भिगो दें। इसके बाद सामान्य डिटर्जेंट से धोएं। बेकिंग सोडा कपड़ों से बदबू, पसीना और दाग हटाने में मदद करता है, साथ ही सफेदी बनाए रखता है।
नींबू और नमक का नुस्खा
गर्म पानी में नींबू का रस और थोड़ा नमक मिलाएं। इस घोल में कपड़े आधे घंटे के लिए डालें और फिर धो लें। नींबू प्राकृतिक ब्लीच का काम करता है और पीलेपन को दूर करता है। यह तरीका पुरानी सफेद शर्टों के लिए बहुत असरदार होता है।
सफेद सिरके का इस्तेमाल करें
एक कप सफेद सिरका को वॉशिंग मशीन के आखिरी रिंस साइकल में डालें या हाथ से धोते समय अंतिम बार पानी में मिलाएं। इससे कपड़े साफ भी होंगे और उनकी चमक भी बरकरार रहेगी। सिरका डिटर्जेंट के अवशेष को हटाकर कपड़ों को नरम बनाता है।
धूप में सुखाना भी है जरूरी
सफेद कपड़ों को छांव में नहीं बल्कि धूप में सुखाएं। धूप न केवल कपड़ों को जल्दी सुखाती है, बल्कि प्राकृतिक रूप से कीटाणुओं को भी मारती है और सफेदी को निखारती है। ध्यान रहे, कपड़े उलटकर सुखाएं ताकि फेब्रिक खराब न हो।