French Toast: बच्चों को खूब पसंद आएगा फ्रेंच टोस्ट, इस तरीके से मिनटों में करें तैयार

फ्रेंच टोस्ट बनाने का आसान तरीका।
French Toast Recipe: सुबह की भागदौड़ में अक्सर लोग हेल्दी और टेस्टी ब्रेकफास्ट की तलाश में रहते हैं। ऐसे में फ्रेंच टोस्ट एक ऐसा विकल्प है जो स्वाद, प्रोटीन और ऊर्जा तीनों देता है। सॉफ्ट ब्रेड, अंडे और हल्की-सी मिठास मिलकर ऐसा फ्लेवर बनाते हैं कि बच्चे से लेकर बड़े तक हर कोई इसे मज़े से खाता है।
अगर आप भी रेस्टोरेंट जैसा गोल्डन-क्रिस्पी फ्रेंच टोस्ट घर पर बनाना चाहते हैं, तो बस सही तकनीक और सही मिश्रण की जरूरत है। यह 10 मिनट में बनने वाली रेसिपी आपके ब्रेकफास्ट को खास बना देगी।
फ्रेंच टोस्ट बनाने के लिए सामग्री
- 4 ब्रेड स्लाइस
- 2 अंडे
- 1/2 कप दूध
- 1 बड़ा चम्मच चीनी
- 1 छोटी चम्मच वैनिला एसेंस
- 1 चुटकी दालचीनी पाउडर
- घी या बटर - सेकने के लिए
- शहद या मेपल सिरप (सर्व करने के लिए)
फ्रेंच टोस्ट बनाने का तरीका
फ्रेंच टोस्ट एक टेस्टी स्नैक्स है जो ब्रेकफास्ट में भी पसंद किए जाते हैं। इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बाउल में अंडे फोड़कर अच्छी तरह फेंट लें। इसमें दूध, चीनी, वैनिला एसेंस और दालचीनी पाउडर मिलाएं। मिश्रण को तब तक फेंटें जब तक यह स्मूद और फ्लफी न हो जाए। यही बैटर फ्रेंच टोस्ट का बेस फ्लेवर बनाता है।
अब एक नॉन-स्टिक तवा गर्म करें और उस पर हल्का सा घी या बटर डालें। ब्रेड स्लाइस को अंडे वाले मिश्रण में दोनों तरफ से अच्छे से डुबोएं। ध्यान रखें कि ब्रेड टूटे नहीं और बैटर ज्यादा देर तक न रहने दें।
डिप की हुई ब्रेड को गर्म तवे पर रखें और मीडियम फ्लेम पर दोनों तरफ से गोल्डन-क्रिस्पी होने तक सेकें। बटर डालने से इसका स्वाद और खुशबू बढ़ जाती है। हर स्लाइस को 2-3 मिनट तक पकाएं।
टोस्ट तैयार होने के बाद इसे प्लेट में निकालें और ऊपर से शहद, मेपल सिरप या पाउडर शुगर डालें। चाहें तो कटे हुए बनाना या स्ट्रॉबेरी भी सर्व कर सकते हैं। यह बच्चों के टिफिन में भी एक बढ़िया विकल्प है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
लेखक: (कीर्ति)
