ब्रेड चीज़ बॉल्स: बाहर से क्रिस्पी और अंदर से चीज़ी, बच्चों से बड़ों तक सबका फेवरेट स्नैक

ब्रेड चीज़ बॉल्स बनाने का तरीका।
Bread Cheese Balls: शाम की चाय के साथ कुछ ऐसा स्नैक चाहिए जो मिनटों में बन जाए और टेस्ट में मार्केट जैसा हो, तो ब्रेड चीज़ बॉल्स परफेक्ट ऑप्शन हैं। बाहर से कुरकुरे और अंदर से लजीज चीज़ से भरे ये बॉल्स इतने स्वादिष्ट होते हैं कि बच्चों की टिफिन से लेकर पार्टियों तक हर जगह हिट रहते हैं।
सबसे खास बात यह है कि इन्हें बनाने के लिए ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होती सिर्फ ब्रेड, चीज़ और कुछ बेसिक मसाले काफी हैं। फ्राई करें या एयर फ्राई, दोनों ही तरह से ये यूनिक, झटपट और सुपर-टेस्टी स्नैक बनकर तैयार हो जाते हैं।
ब्रेड चीज़ बॉल्स बनाने के लिए सामग्री
- ब्रेड स्लाइस - 8-10
- चीज़ क्यूब/मोत्त्ज़ारेला - 1 कप (कद्दूकस किया हुआ)
- उबले आलू - 1 (मैश किया हुआ, ऑप्शनल)
- हरी मिर्च - 1 बारीक कटी
- हरी धनिया - 2 चम्मच
- नमक - स्वादानुसार
- लाल मिर्च पाउडर - 1/2 चम्मच
- ओरेगैनो/मिक्स हर्ब्स - 1/2 चम्मच
- कॉर्नफ्लोर - 2 चम्मच
- तेल - फ्राई करने के लिए
ब्रेड चीज़ बॉल्स बनाने का तरीका
ब्रेड चीज़ बॉल्स बनाना बहुत ईजी है और ये स्नैक्स के तौर पर काफी पसंद किए जाते हैं। इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक बाउल में कद्दूकस किया हुआ चीज़ लें। इसमें हरी मिर्च, हरा धनिया, लाल मिर्च पाउडर, ओरेगैनो और थोड़ा नमक मिलाएं।
अगर आप ज्यादा फिलिंग चाहते हैं, तो इसमें थोड़ा मैश किया हुआ आलू भी मिला सकते हैं। मिश्रण को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर बॉल्स बना लें।
ब्रेड स्लाइस के किनारे काटकर अलग कर दें। हर स्लाइस को हल्का-सा पानी छिड़ककर गीला करें और हाथों से दबाकर स्मूद आटा जैसा पेस्ट बना लें। यही ब्रेड का आटा चीज़ बॉल्स को बाहर से कुरकुरा बनाता है।
ब्रेड के मिश्रण का एक छोटा हिस्सा हाथ में लें, इसे फैलाएं और बीच में चीज़ स्टफिंग रखें। अब इसे चारों तरफ से बंद करके बॉल का आकार दें। ध्यान रखें कि कहीं से भी चीज़ बाहर न निकले। इसी तरह सारे बॉल्स तैयार कर लें।
कड़ाही में तेल गर्म होने के लिए रखें। तेल गर्म होते ही बॉल्स को मीडियम आंच पर गोल्डन ब्राउन होने तक तलें। ये बहुत जल्दी रंग पकड़ लेते हैं, इसलिए आंच को कंट्रोल में रखते हुए धीरे-धीरे फ्राई करें।
क्रिस्पी ब्रेड चीज़ बॉल्स को टोमैटो केचप, मेयोनेज़ या किसी डिप के साथ गर्मागर्म परोसें। यह स्नैक बच्चों की पार्टी, जन्मदिन या अचानक आए मेहमानों के लिए एकदम परफेक्ट है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
