Hibiscus Plant: गुड़हल के पौधे में नहीं आ रहे हैं फूल? इन गार्डनिंग टिप्स को अपनाएं, फूलों से भरेंगी शाखें

गुड़हल के पौधे की देखभाल के तरीके।
Hibiscus Plant: घर के आंगन या बालकनी में लगा गुड़हल का पौधा जब हरा-भरा तो दिखे लेकिन उसमें फूल ही न आएं, तो निराशा होना लाज़मी है। गुड़हल अपने बड़े और चमकीले फूलों के लिए जाना जाता है, लेकिन थोड़ी सी लापरवाही इसकी फूल देने की क्षमता को प्रभावित कर सकती है।
अच्छी बात यह है कि गुड़हल के पौधे में फूल न आने की समस्या का समाधान बहुत मुश्किल नहीं है। सही धूप, पोषण और देखभाल से यह पौधा फिर से फूलों से लद सकता है। अगर आप भी इसी परेशानी से जूझ रहे हैं, तो ये आसान गार्डनिंग टिप्स आपके काम आएंगे।
पर्याप्त धूप है सबसे जरूरी
गुड़हल के पौधे को रोज़ाना कम से कम 5 से 6 घंटे की सीधी धूप चाहिए होती है। अगर पौधा छांव में रखा है, तो उसमें पत्तियां तो आएंगी लेकिन फूल नहीं आएंगे। बेहतर होगा कि इसे ऐसी जगह रखें जहां सुबह या दोपहर की अच्छी धूप मिले।
मिट्टी की क्वालिटी पर दें ध्यान
गुड़हल के लिए हल्की, भुरभुरी और पानी की निकासी वाली मिट्टी सबसे सही मानी जाती है। भारी या चिपचिपी मिट्टी में जड़ें ठीक से सांस नहीं ले पातीं, जिससे फूल आने में दिक्कत होती है। मिट्टी में थोड़ी रेत और गोबर की खाद मिलाने से पौधा बेहतर ग्रो करता है।
सही समय पर और सही मात्रा में पानी
गुड़हल को नियमित पानी चाहिए, लेकिन जरूरत से ज्यादा पानी नुकसान पहुंचा सकता है। मिट्टी हमेशा हल्की नम रहे, इसका ध्यान रखें। गमले में लगे पौधे के नीचे पानी जमा न होने दें, वरना जड़ें सड़ सकती हैं और फूल आना रुक जाता है।
खाद और पोषण है बेहद जरूरी
अगर पौधे में फूल नहीं आ रहे हैं, तो यह पोषण की कमी का संकेत हो सकता है। हर 15 दिन में गोबर की खाद, वर्मी कंपोस्ट या सरसों की खली का घोल डालें। फॉस्फोरस और पोटैशियम से भरपूर खाद फूलों की संख्या बढ़ाने में मदद करती है।
समय-समय पर करें प्रूनिंग
गुड़हल के पौधे की हल्की छंटाई यानी प्रूनिंग बहुत जरूरी है। सूखी, कमजोर और ज्यादा बढ़ी हुई टहनियों को काट देने से नई शाखाएं निकलती हैं, जिन पर ज्यादा फूल आते हैं। सर्दियों के अंत या बरसात की शुरुआत में प्रूनिंग करना सबसे अच्छा रहता है।
कीट और रोग से रखें दूरी
कभी-कभी एफिड्स, मिलीबग या स्पाइडर माइट जैसे कीट पौधे की ताकत छीन लेते हैं। नीम के तेल का स्प्रे हफ्ते में एक बार करने से कीटों से बचाव होता है और पौधा स्वस्थ रहता है।
क्यों खास है सही देखभाल
थोड़ी सी नियमित देखभाल से गुड़हल का पौधा सालभर फूल दे सकता है। सही धूप, संतुलित पानी और पोषण से पौधा मजबूत बनता है और डालियां फूलों से भर जाती हैं।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
(लेखक:कीर्ति)
