Apple Rabdi recipe: मीठा खाने का मन हो तो ट्राय करें सेब की रबड़ी, सेहत के साथ स्वाद मिलेगा जबरदस्त, जानें रेसिपी

How to make apple rabdi at home,
Apple Rabdi recipe: कुछ ठंडा-मीठा खाने का मन हो तो रबड़ी का नाम सबसे पहले दिमाग में आता है। लेकिन अगर रबड़ी में सेब का ट्विस्ट मिल जाए तो इसका स्वाद और भी खास हो जाता है। सेब की रबड़ी न सिर्फ टेस्टी होती है, बल्कि सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद है।
सेब में फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट और कई जरूरी विटामिन होते हैं, जो शरीर को एनर्जी देने के साथ पाचन भी ठीक रखते हैं। वहीं दूध से बनी रबड़ी शरीर को प्रोटीन और कैल्शियम देती है। आइए जानें इसे घर पर बनाने का आसान तरीका।
सेब की रबड़ी बनाने के लिए ज़रूरी सामग्री:
- दूध-1 लीटर फुल क्रीम
- सेब-2 मध्यम आकार के (कद्दूकस किए हुए)
- चीनी-3-4 बड़े चम्मच (स्वाद अनुसार)
- केसर-7-8 धागे (गर्म दूध में भिगोए हुए)
- इलायची पाउडर- ½ चम्मच
- कटे हुए बादाम-पिस्ता-2-3 चम्मच
- देसी घी-1 चम्मच
बनाने की विधि
दूध को पकाएं: सबसे पहले एक भारी तले वाले पैन में दूध को उबालें। फिर धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए दूध को गाढ़ा करें जब तक वो अपनी आधी मात्रा में न आ जाए।
सेब को पकाएं: एक अलग पैन में 1 चम्मच देसी घी डालकर कद्दूकस किया हुआ सेब 4-5 मिनट तक भूनें ताकि उसका कच्चापन खत्म हो जाए। ध्यान रहे, दूध में सेब सीधे न डालें वरना फट सकता है।
दूध में मिलाएं बाकी चीज़ें: अब गाढ़े दूध में चीनी, केसर और इलायची पाउडर डालकर 5 मिनट पकाएं।
सेब मिलाएं: अब भुना हुआ सेब दूध में डालें और अच्छे से मिलाएं। गैस बंद करें और मिश्रण को ठंडा होने दें।
ठंडा करके सर्व करें: सेब की रबड़ी को फ्रिज में 1-2 घंटे ठंडा करें और ऊपर से ड्राई फ्रूट्स डालकर परोसें।
क्या हैं फायदे?
- सेब से मिलती है फाइबर और इम्यूनिटी: पाचन सुधरता है और शरीर को अंदर से मज़बूती मिलती है।
- दूध से हड्डियां होती हैं मजबूत: प्रोटीन और कैल्शियम भरपूर होता है।
- बिना ज्यादा मिठास के हेल्दी स्वीट: यह रबड़ी बहुत ज्यादा मीठी नहीं होती, इसलिए डायट पर रहने वाले भी इसे खा सकते हैं।
तो अगली बार जब कुछ खास मीठा बनाना हो, तो बाजार की मिठाई छोड़िए और घर पर बनाइए टेस्टी-हेल्दी सेब की रबड़ी। बच्चे हों या बड़े, सब कहेंगे – वाह!
(प्रियंका कुमारी)