How to Get Rid of Termite: लकड़ी की चीजों को नमी, दीमक से बचाना है जरूरी, 7 घरेलू तरीके आएंगे काम

लकड़ी की चीजों को दीमक से बचाने के टिप्स।
How to Get Rid of Termite: मानसून जहां ठंडी हवाएं और हरियाली लेकर आता है, वहीं यह मौसम नमी और सीलन की वजह से घर की लकड़ी की चीजों के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। दरअसल, बरसात के दिनों में दीमक तेजी से पनपती है और फर्नीचर, दरवाजे, खिड़कियां जैसी लकड़ी की चीजों को अंदर से खोखला कर देती है। कई बार तो जब तक हमें इसका एहसास होता है, तब तक नुकसान हो चुका होता है।
अगर सही समय पर सावधानी बरती जाए तो दीमक से बचाव करना मुश्किल नहीं है। बाजार में मिलने वाले महंगे कैमिकल्स के अलावा भी कई घरेलू उपाय हैं, जिनकी मदद से लकड़ी की चीजों को दीमक से सुरक्षित रखा जा सकता है। आइए जानते हैं कुछ असरदार और आसान तरीके जो आपके फर्नीचर की उम्र बढ़ा सकते हैं।
1. नमी से बचाव करें
बरसात में सबसे जरूरी है लकड़ी को नमी से बचाना। कोशिश करें कि फर्नीचर को दीवार से थोड़ा दूर रखें ताकि हवा का प्रवाह बना रहे और उसमें सीलन न जमे। गीले कपड़े से सफाई न करें, बल्कि सूखे या थोड़े नम कपड़े का ही इस्तेमाल करें।
2. नीम का तेल लगाएं
नीम का तेल एक प्राकृतिक एंटी-टर्माइट उपाय है। इसे लकड़ी पर लगाने से दीमक पास नहीं आती। आप ब्रश की मदद से नीम का तेल दरवाजों, खिड़कियों और अलमारियों पर लगा सकते हैं। यह उपाय हफ्ते में एक बार दोहराएं।
3. कपूर का इस्तेमाल करें
कपूर (Camphor) की गंध दीमक को पसंद नहीं होती। अलमारी या लकड़ी की दराजों में कपूर की कुछ गोलियां रख देने से दीमक दूर रहती है। यह नमी को भी सोखने में मदद करता है और एक खुशबूदार वातावरण बनाए रखता है।
4. बोरिक पाउडर (Boric Powder) का छिड़काव करें
बोरिक पाउडर एक प्रभावी कीटनाशक है। लकड़ी की दरारों और कोनों में इसे छिड़कने से दीमक मर जाती हैं। यह उपाय बारिश के पूरे सीजन में हर 10 दिन में एक बार दोहराएं।
5. लकड़ी पर वार्निश या पॉलिश करवाएं
लकड़ी पर एक अच्छी क्वालिटी की वार्निश या पॉलिश की परत दीमक को दूर रखने में मदद करती है। यह नमी को लकड़ी में जाने से रोकती है और एक प्रोटेक्टिव कोटिंग का काम करती है। साल में एक बार पॉलिश जरूर करवाएं।
6. लैवेंडर ऑयल का स्प्रे करें
लैवेंडर ऑयल की खुशबू दीमक को दूर भगाने का काम करती है। इसे पानी में मिलाकर स्प्रे बोतल में भर लें और लकड़ी पर छिड़काव करें। यह एक नेचुरल और केमिकल-फ्री तरीका है।
7. लकड़ी के नीचे प्लास्टिक शीट बिछाएं
लकड़ी के सामान को सीधे फर्श पर रखने से उसमें नमी जा सकती है। इसलिए उसके नीचे मोटी प्लास्टिक की शीट बिछा दें जिससे दीमक और नमी दोनों से बचाव हो सके।
