Udaipur Places: सिटी पैलेस, सजनगढ़ किला... उदयपुर में देखने के लिए है बहुत कुछ, 6 जगहें करें विज़िट

उदयपुर में घूमने वाली लोकप्रिय जगहें।
Udaipur Popular Places: राजस्थान का खूबसूरत शहर उदयपुर झीलों की नगरी भी कहलाता है। अपनी खूबसूरत हवेलियों, राजसी महलों और प्राकृतिक सुंदरता के लिए ये शहर दुनियाभर में मशहूर है। राजस्थान के इस ऐतिहासिक शहर को पूर्व का वेनिस भी कहा जाता है। यहां हर गली-मोहल्ले में आपको राजसी ठाठ-बाट और झीलों का आकर्षण देखने को मिलता है, जो हर पर्यटक का दिल जीत लेता है।
उदयपुर में घूमने के लिए कई ऐसे स्थल हैं जो इतिहास, संस्कृति और प्राकृतिक सुंदरता का अद्भुत संगम पेश करते हैं। चाहे आप परिवार के साथ छुट्टियों पर हों या दोस्तों संग एडवेंचर की तलाश में, उदयपुर में हर किसी के लिए कुछ खास है।
उदयपुर की 6 लोकप्रिय जगहें
सिटी पैलेस
उदयपुर का सिटी पैलेस झील पिछोला झील के किनारे बना हुआ एक विशाल महल है। यहां राजस्थानी और मुगल वास्तुकला का बेहतरीन मेल देखने को मिलता है। महल के अंदर संग्रहालय, आंगन और सजावटी कमरों को देखकर आप बीते जमाने की शान महसूस करेंगे।
पिछोला झील
पिछोला झील उदयपुर का दिल मानी जाती है। इसकी नाव की सवारी करते हुए आप सूरज ढलते समय झील में पड़ते महलों और मंदिरों के खूबसूरत नजारे देख सकते हैं। लेक पैलेस और जग मंदिर यहां की शान बढ़ाते हैं।
फतेहसागर झील
यह कृत्रिम झील उदयपुर का प्रमुख आकर्षण है। यहां नौकायन का मज़ा लेने के साथ-साथ झील के बीच बने नेहरू पार्क की सैर भी की जा सकती है। शाम को यहां का नजारा बेहद रोमांटिक लगता है।
सहेलियों की बाड़ी
महाराणा संग्राम सिंह ने इसे अपनी रानी और सहेलियों के लिए बनवाया था। यहां फव्वारे, संगमरमर के मंडप और हरे-भरे बागान इसे बेहद आकर्षक बनाते हैं। यह जगह घूमने वालों के लिए फोटो खिंचवाने का शानदार स्थल है।
सजनगढ़ (मानसून पैलेस)
यह महल एक पहाड़ी पर बना है, जहां से पूरे उदयपुर शहर और झीलों का मनमोहक नजारा दिखता है। मानसून पैलेस खासकर बारिश के मौसम में बेहद खूबसूरत लगता है।
जगदीश मंदिर
सिटी पैलेस के पास स्थित यह प्राचीन हिंदू मंदिर भगवान विष्णु को समर्पित है। इसकी नक्काशीदार दीवारें और भव्य स्थापत्य पर्यटकों को आकर्षित करती हैं।
