SSC GD Exam Date 2026: एसएससी जीडी कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा का इंतजार कर रहे लाखों उम्मीदवारों के लिए जल्द ही बड़ी अपडेट आ सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (SSC) जल्द ही जीडी कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा 2026 की नई परीक्षा तिथि घोषित कर सकता है। पहले यह कंप्यूटर आधारित परीक्षा 23 फरवरी 2026 से आयोजित होने वाली थी, लेकिन कुछ अपरिहार्य कारणों की वजह से इसे स्थगित कर दिया गया था।
एसएससी की ओर से इस परीक्षा के लिए सेल्फ स्लॉट बुकिंग की सुविधा नहीं दी जाएगी। यानी उम्मीदवार अपने हिसाब से परीक्षा केंद्र या समय का चयन नहीं कर सकेंगे। आयोग की ओर से जो परीक्षा केंद्र और तिथि निर्धारित की जाएगी, उसी के अनुसार अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना होगा।
परीक्षा से पहले उम्मीदवारों को उनकी एग्जाम सिटी स्लिप परीक्षा तिथि से लगभग 10 दिन पहले जारी कर दी जाएगी। इस स्लिप के जरिए उम्मीदवार अपने परीक्षा शहर की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और यात्रा से जुड़ी तैयारी पहले से कर पाएंगे। वहीं एडमिट कार्ड परीक्षा तिथि से करीब 4 दिन पहले जारी किए जाएंगे, जिन्हें उम्मीदवार केवल ऑनलाइन माध्यम से डाउनलोड कर सकेंगे।
अगर परीक्षा पैटर्न की बात करें तो SSC GD कॉन्स्टेबल परीक्षा में कुल 80 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक सही उत्तर के लिए 2 अंक दिए जाएंगे, जबकि गलत उत्तर पर 0.25 अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी। यदि कोई प्रश्न छोड़ा जाता है तो उसके लिए कोई अंक नहीं काटे जाएंगे। प्रश्नपत्र में चार सेक्शन होंगे। जनरल इंटेलिजेंस एवं रीजनिंग, जनरल नॉलेज एवं जनरल अवेयरनेस, एलिमेंट्री मैथ्स और हिंदी/अंग्रेजी। हर सेक्शन से 20-20 प्रश्न पूछे जाएंगे।
इस भर्ती अभियान के माध्यम से कुल 25,487 पदों को भरा जाएगा। इनमें सीआईएसएफ के 14,595 पद, सीआरपीएफ के 5,490 पद, एसएसबी के 1,764 पद, आईटीबीपी के 1,293 पद, असम राइफल्स के 1,706 पद, बीएसएफ के 616 पद और एसएसएफ के 23 पद शामिल हैं।










