कर्मचारी चयन आयोग ने बड़ी घोषणा करते हुए SSC GD कॉन्स्टेबल 2026 की परीक्षा को स्थगित कर दिया है। Staff Selection Commission (SSC) द्वारा 17 फरवरी 2026 को जारी नोटिस में बताया गया कि 23 फरवरी 2026 से प्रस्तावित कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBE) को अगली सूचना तक टाल दिया गया है। नई परीक्षा तिथियां जल्द घोषित की जाएंगी।
यह परीक्षा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPFs), एसएसएफ (SSF) और असम राइफल्स में राइफलमैन (GD) पदों पर भर्ती के लिए आयोजित की जानी थी।
आयोग ने क्या कहा?
SSC ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा से जुड़ी ताजा जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर समय-समय पर जारी की जाएगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक पोर्टल पर ही अपडेट देखें और किसी भी अफवाह से बचें।
एडमिट कार्ड और परीक्षा शहर की जानकारी
नोटिस के अनुसार, स्लॉट चयन (Slot Selection) की सुविधा इस परीक्षा में लागू नहीं होगी। परीक्षा शहर की जानकारी परीक्षा शुरू होने से 8–10 दिन पहले जारी की जाएगी। एडमिशन सर्टिफिकेट (एडमिट कार्ड) परीक्षा तिथि से 2–3 दिन पहले उपलब्ध कराया जाएगा।
स्थगन के पीछे संभावित कारण
हालांकि आयोग ने परीक्षा टालने का स्पष्ट कारण नहीं बताया है, लेकिन कुछ संभावनाएं सामने आ रही हैं। देशभर में SSC MTS परीक्षा 4 फरवरी से 19 फरवरी तक आयोजित की जा रही है। कई केंद्रों पर परीक्षा रद्द होने के बाद उसे 23 फरवरी को पुनर्निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा अब तक GD भर्ती के लिए स्लॉट बुकिंग शुरू नहीं हुई थी और परीक्षा शहर सूचना पर्ची भी जारी नहीं की गई थी, जो सामान्यतः परीक्षा से लगभग 10 दिन पहले जारी कर दी जाती है।