देश के केंद्रीय बैंक भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने वर्ष 2026 के लिए असिस्टेंट (Assistant) के 650 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। बैंकिंग सेक्टर में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह शानदार अवसर है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 16 फरवरी 2026 से शुरू होगी और 8 मार्च 2026 तक चलेगी। इच्छुक अभ्यर्थी RBI की आधिकारिक वेबसाइट rbi.org.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में स्नातक (Graduation) की डिग्री होना अनिवार्य है। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 50% अंक जरूरी हैं, जबकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए केवल पास होना पर्याप्त है।
इसके अलावा उम्मीदवार को कंप्यूटर पर वर्ड प्रोसेसिंग का कार्यसाधक ज्ञान होना चाहिए और जिस राज्य/भर्ती कार्यालय के लिए आवेदन कर रहे हैं, वहां की स्थानीय भाषा में दक्षता भी जरूरी है। पूर्व सैनिक उम्मीदवारों के लिए कम से कम 15 वर्ष की रक्षा सेवा पूरी होना या पूर्व सैनिक के रूप में मान्यता प्राप्त होना अनिवार्य है।
आयु सीमा
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना निर्धारित कट-ऑफ तिथि के अनुसार की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।
सैलरी कितनी मिलेगी?
चयनित उम्मीदवारों को 29,000 रुपये प्रतिमाह मूल वेतन मिलेगा। वेतनमान 29,000 से 78,640 रुपये के बीच निर्धारित है। विभिन्न भत्तों को जोड़कर कुल मासिक वेतन लगभग 58,514 रुपये (एचआरए छोड़कर) तक पहुंच सकता है। समय-समय पर वेतन और भत्तों में वृद्धि भी होती रहती है।
आवेदन शुल्क
सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 450 रुपये आवेदन शुल्क के साथ 18% जीएसटी देना होगा। वहीं एससी, एसटी, पीडब्ल्यूबीडी और एक्स-सर्विसमैन उम्मीदवारों के लिए 50 रुपये सूचना शुल्क निर्धारित है, जिस पर 18% जीएसटी अतिरिक्त लगेगा। RBI कर्मचारियों के लिए आवेदन शुल्क शून्य रखा गया है।
