मध्य प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2025 के तहत आयोजित होने वाली शारीरिक परीक्षा (Physical Test) के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिया गया है।

मध्य प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2025 के तहत आयोजित होने वाली शारीरिक परीक्षा (Physical Test) के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिया गया है। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थी अब अगले चरण यानी शारीरिक दक्षता परीक्षा और शारीरिक माप परीक्षा (PET/PST) में शामिल होंगे। उम्मीदवार मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) की आधिकारिक वेबसाइट esb.mp.gov.in पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।

इस भर्ती अभियान के तहत कुल 7500 कांस्टेबल पदों को भरा जाना है। 30 अक्टूबर 2025 से 15 दिसंबर 2025 के बीच आयोजित लिखित परीक्षा में पास हुए अभ्यर्थी ही फिजिकल टेस्ट के लिए पात्र हैं। शारीरिक परीक्षा 23 फरवरी 2026 से 13 मार्च 2026 तक आयोजित की जाएगी। हालांकि 2, 3 और 8 मार्च 2026 को अवकाश रहेगा। सभी उम्मीदवारों को सुबह 6:00 बजे निर्धारित परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होना होगा।

फिजिकल प्रोफिशिएंशी टेस्ट मध्य प्रदेश के 10 जिलों में आयोजित किया जाएगा। इनमें भोपाल के लाल परेड ग्राउंड, इंदौर के एमटीडी परिसर आरएपीटीसी, जबलपुर के 6वीं वाहिनी विसबल रांझी, ग्वालियर के 14वीं वाहिनी विसबल कम्पू, उज्जैन के महानंदा एरीना ग्राउंड, सागर के इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज बहेरिया, रीवा के 9वीं वाहिनी विसबल परेड ग्राउंड, बालाघाट के 36वीं वाहिनी विसबल ग्राउंड, रतलाम (जावरा) के भगत सिंह शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय और मुरैना के 05वीं वाहिनी विसबल परेड ग्राउंड शामिल हैं।

अभ्यर्थियों को परीक्षा के दिन कुछ जरूरी दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य है। इनमें मूल आधार कार्ड (ई-केवाईसी), वेबसाइट से डाउनलोड किया गया प्रवेश पत्र, सभी मूल प्रमाण-पत्र और उनकी स्व-प्रमाणित छायाप्रतियां शामिल हैं। बिना आवश्यक दस्तावेजों के प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

प्रवेश पत्र डाउनलोड करने के लिए सबसे पहले esb.mp.gov.in वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर ‘Latest Updates’ सेक्शन में एडमिट कार्ड लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद आवेदन संख्या और जन्म तिथि दर्ज करें। स्क्रीन पर प्रवेश पत्र दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड कर प्रिंट निकाल लें। भविष्य के लिए इसकी एक कॉपी सुरक्षित रखना न भूलें।