UP Police Bharti 2026: फॉर्म में गलती सुधारने का आखिरी मौका, करेक्शन विंडो कल होगी बंद

यूपी पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती 2026 के लिए आवेदन कर चुके उम्मीदवारों के लिए अहम अपडेट सामने आया है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने एप्लीकेशन फॉर्म में सुधार के लिए करेक्शन विंडो खोल दी है। जिन अभ्यर्थियों से आवेदन के दौरान कोई गलती हो गई थी, वे अब ऑनलाइन माध्यम से उसमें सुधार कर सकते हैं। यह करेक्शन विंडो कल यानी 3 फरवरी 2026 सुबह 6 बजे तक ही ओपन रहेगी।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि फॉर्म में संशोधन का यह केवल एक ही मौका दिया जा रहा है। ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि समय रहते अपने आवेदन में जरूरी सुधार जरूर कर लें। करेक्शन के लिए उम्मीदवार UPPRPB की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाकर प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
UP Police Bharti 2026: फॉर्म में सुधार कैसे करें
फॉर्म में संशोधन के लिए सबसे पहले अभ्यर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in या सीधे करेक्शन लिंक apply.upprpb.in पर जाएं। इसके बाद रजिस्टर्ड अकाउंट डिटेल्स, आधार आईडी या डिजीलॉकर के माध्यम से लॉगिन करें। लॉगिन करने के बाद Application History में जाकर “Modify Details” टैब पर क्लिक करें और जरूरी बदलाव करें।
ध्यान रहे कि OTR से प्राप्त विवरण और पहले से अपलोड की गई फोटो में किसी भी तरह का संशोधन नहीं किया जा सकता है। इसलिए सुधार करते समय सभी जानकारियां ध्यान से चेक करें।
समस्या होने पर यहां करें संपर्क
अगर फॉर्म में सुधार के दौरान किसी तरह की तकनीकी या अन्य समस्या आती है तो उम्मीदवार हेल्पलाइन नंबर 1800 9110 005 पर संपर्क कर सकते हैं। यह हेल्पलाइन सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक उपलब्ध रहेगी।
UP Police Vacancy 2026: कुल पदों का विवरण
यूपी पुलिस भर्ती 2026 के तहत कुल 32,679 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें कांस्टेबल सिविल पुलिस (पुरुष/महिला) के 10,469 पद, पीएसी (केवल पुरुष) के 15,131 पद, महिला पीएसी के 2,282 पद, एसएसएफ के 1,341 पद, घुड़सवार पुलिस के 71 पद, जेल वार्डर (पुरुष) के 3,279 पद और जेल वार्डर (महिला) के 106 पद शामिल हैं।
