Rajasthan LDC Recruitment 2026: कनिष्ठ सहायक के 10 हजार पदों पर भर्ती, 15 फरवरी से आवेदन होंगे शुरू

राजस्थान में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। राजस्थान स्टाफ सेलेक्शन बोर्ड (RSSB) ने कनिष्ठ सहायक यानी LDC भर्ती परीक्षा 2026 की संभावित तारीखों का ऐलान कर दिया है। बोर्ड के चेयरमैन मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) आलोक राज ने जानकारी दी है कि LDC भर्ती परीक्षा 5 और 6 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी। इस भर्ती के तहत करीब 10 हजार पदों पर नियुक्तियां प्रस्तावित हैं।
बोर्ड चेयरमैन के अनुसार, इस परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। इसकी तैयारी को देखते हुए बोर्ड ने आवेदन प्रक्रिया को जल्द शुरू करने की योजना बनाई है। बताया गया है कि 8 से 10 दिनों के भीतर आवेदन फॉर्म भरवाने की तैयारी पूरी कर ली जाएगी और 15 फरवरी 2026 से ऑनलाइन आवेदन शुरू किए जा सकते हैं।
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा कनिष्ठ सहायक भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जनवरी 2026 के दूसरे सप्ताह तक जारी किए जाने की संभावना है। यह भर्ती CET (सीनियर सेकेंडरी लेवल) 2024 के स्कोर के आधार पर आयोजित की जाएगी। बोर्ड के संशोधित परीक्षा कैलेंडर में LDC परीक्षा की तारीख 5 और 6 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
परीक्षा पैटर्न की बात करें तो LDC भर्ती परीक्षा 2026 में दो प्रश्नपत्र होंगे। पेपर-1 में सामान्य ज्ञान, सामान्य विज्ञान और गणित से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे, जबकि पेपर-2 में सामान्य हिंदी और सामान्य अंग्रेजी विषय शामिल होंगे। दोनों पेपर 100-100 अंकों के होंगे और प्रत्येक पेपर के लिए 3 घंटे का समय दिया जाएगा।
लिखित परीक्षा के बाद फेज-II के तहत टाइपिंग टेस्ट आयोजित किया जाएगा। इसमें हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में टाइपिंग की जांच की जाएगी। प्रत्येक भाषा में गति और दक्षता के लिए 25-25 अंक निर्धारित किए गए हैं, यानी टाइपिंग टेस्ट कुल 100 अंकों का होगा। टाइपिंग टेस्ट के प्रत्येक भाग के लिए 10 मिनट का समय दिया जाएगा।
दिव्यांग अभ्यर्थियों को विशेष राहत दी गई है। PH उम्मीदवारों को फेज-II यानी टाइपिंग टेस्ट में शामिल नहीं होना होगा। उन्हें फेज-I (लिखित परीक्षा) में प्राप्त औसत अंकों के आधार पर ही चयन के लिए माना जाएगा।
राजस्थान LDC भर्ती 2026 उन अभ्यर्थियों के लिए बड़ा अवसर है, जो लंबे समय से क्लर्क पद पर सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं। नोटिफिकेशन जारी होते ही आवेदन और चयन प्रक्रिया से जुड़ी सभी जरूरी जानकारियां स्पष्ट हो जाएंगी।
