BOB IT Recruitment 2026: बैंक ऑफ बड़ौदा में आईटी पदों पर निकली भर्ती, जानें योग्यता

BOB IT Recruitment 2026
बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB) के आईटी विभाग में नौकरी की तलाश कर रहे उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर है। बैंक ने सीनियर मैनेजर डेवलपर, मैनेजर इंजीनियर, ऑफिसर समेत कई आईटी पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार बैंक की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर इन पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और रजिस्ट्रेशन विंडो 19 फरवरी 2026 तक खुली रहेगी।
आयु-सीमा क्या है?
इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु पदानुसार 22, 24 और 27 वर्ष तय की गई है। वहीं अधिकतम आयु सीमा 32, 34 और 37 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु-सीमा में छूट भी दी जाएगी। एससी और एसटी वर्ग को 5 वर्ष, ओबीसी वर्ग को 3 वर्ष और दिव्यांग उम्मीदवारों को 10 वर्ष की छूट का लाभ मिलेगा।
शैक्षणिक योग्यता और अनुभव
विभिन्न आईटी पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों के पास बीई, बीटेक, एमई या एमटेक की डिग्री होना अनिवार्य है। इसके साथ ही संबंधित क्षेत्र में न्यूनतम 3 वर्ष का कार्य अनुभव भी जरूरी रखा गया है। पद के अनुसार अन्य आवश्यक योग्यताएं नोटिफिकेशन में दी गई हैं।
रजिस्ट्रेशन फीस
आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान करना होगा। सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 850 रुपये रखा गया है। वहीं एससी, एसटी, दिव्यांग और महिला उम्मीदवारों के लिए रजिस्ट्रेशन फीस 175 रुपये निर्धारित की गई है।
चयन प्रक्रिया और परीक्षा पैटर्न
उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। लिखित परीक्षा में रीजनिंग, अंग्रेजी भाषा, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड और प्रोफेशनल नॉलेज से कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे, जो 225 अंकों के होंगे। परीक्षा की अवधि 150 मिनट तय की गई है। खास बात यह है कि इस परीक्षा में गलत उत्तर देने पर कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी।
