बाढ़ से बर्बादी: 7000 किसानों की फसलें तबाह, 125 ने गंवाई जान! योगी सरकार करेगी नुकसान की भरपाई

बाढ़ से नुकसान कि भरपाई लिए सीएम योगी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं।
प्रयागराज : प्रयागराज में इस साल बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं ने जमकर तबाही मचाई है। जिले में 7008 किसानों की फसलें पानी में बह गईं, जिससे उन्हें करोड़ों का नुकसान हुआ है। जिला प्रशासन ने बताया कि आपदा से प्रभावित किसानों को जल्द ही सहायता राशि दी जाएगी। इसके अलावा, इस साल अप्रैल से 20 सितंबर के बीच विभिन्न आपदाओं में कुल 125 लोगों ने अपनी जान गंवाई है। आपको बता दें कि सोरांव, बारा, मेजा और फूलपुर तहसीलों में 1797.25 हेक्टेयर भूमि पर लगी फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो गई हैं। आकलन के मुताबिक, इन फसलों का कुल मूल्य 2.17 करोड़ रुपये है, जिसे सरकार आपदा राहत कोष से किसानों को देगी।
कितनी हुई जनहानि?
जनहानि की बात करें तो, सबसे ज्यादा 88 मौतें डूबने से हुई हैं। इसके अलावा, बिजली गिरने से 17, सर्पदंश से 23, आंधी-तूफान से 7, और अग्निकांड व सांड़ के हमले से 2-2 लोगों की जान गई है। इन सभी मामलों में मृतकों के परिजनों को 5.60 करोड़ रुपये की सहायता राशि दी जा रही है।
फसलों का नुकसान!
फसलों के नुकसान में सबसे ज्यादा प्रभावित फूलपुर तहसील रही, जहाँ 20 गांवों में 1115 किसानों की फसलें नष्ट हुईं। वहीं, सोरांव के 19 गांवों में 4986 किसान प्रभावित हुए हैं। किसानों के साथ-साथ पशुधन और मकानों को भी बड़ा नुकसान हुआ है। कुल 43 पशुओं की मौत हुई है, जिसके लिए 10 लाख रुपये से अधिक की सहायता राशि दी जाएगी।
इस प्राकृतिक आपदा में, 350 मकान भी क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिनके मालिकों को 14 लाख 17 हजार रुपये की मदद दी जाएगी।
फसल नुकसान का ब्यौरा
बाढ़ से सबसे ज्यादा नुकसान फूलपुर तहसील में हुआ है, जहाँ 20 गांवों के 1115 किसानों को 363.717 हेक्टेयर भूमि पर 30,91,588 रुपये का नुकसान हुआ है।
सोरांव में 19 गांवों के 4986 किसानों की 856.9990 हेक्टेयर पर लगी फसलें बर्बाद हो गईं, जिससे 72,84,492 रुपये का नुकसान हुआ।
बारा तहसील के 9 गांवों में 236 किसानों को 105.621 हेक्टेयर भूमि पर 32,21,000 रुपये का नुकसान हुआ, जबकि मेजा के एक गांव में 251 किसानों को 306.80 हेक्टेयर भूमि पर 61,36,300 रुपये की फसलें नष्ट हुईं।
पशुधन और मकानों को भी हुआ नुकसान
प्राकृतिक आपदाओं में कुल 43 पशुओं की भी जान गई है, जिसके लिए 10,05,500 रुपये की सहयोग राशि दी जाएगी। इनमें से 30 मामले अग्निकांड, 7 बिजली गिरने, 5 सर्पदंश और 1 आंधी-तूफान से संबंधित हैं। इसके अलावा, 350 मकानों को भी क्षति पहुंची है। इनमें से 301 मामले अतिवृष्टि से संबंधित हैं, जिनके लिए 12,06,500 रुपये की सहायता दी जाएगी। 48 मकान अग्निकांड और 1 आंधी-तूफान से क्षतिग्रस्त हुआ है, जिनके लिए भी सहायता राशि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिए निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में बाढ़ और अन्य आपदाओं से हुए नुकसान पर अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित किसानों को तत्काल सहायता राशि दी जाए और जान-माल के नुकसान से जल्द राहत कार्य पूरा किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा, "हमारी सरकार आपदा प्रभावितों के साथ खड़ी है। किसी भी प्रभावित परिवार को निराश नहीं होने दिया जाएगा। फसल क्षति, जान-माल के नुकसान और पशुहानि के लिए त्वरित और पारदर्शी तरीके से मुआवजा वितरित किया जाए।" उन्होंने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि राहत सामग्री हर जरूरतमंद तक पहुंचे और पुनर्वास के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।
