Ram Kapoor: एकता कपूर से पंगा लेने के बाद राम कपूर के बदले सुर, विवाद पर पहली बार तोड़ी चुप्पी

एकता कपूर से विवाद पर राम कपूर ने तोड़ी चुप्पी
Ram Kapoor: टीवी और फिल्म जगत के मशहूर अभिनेता राम कपूर इन दिनों चर्चाओं में हैं। हाल ही में फिल्ममेकर एकता कपूर संग उनकी अनबन की खबरें सुर्खियों में थीं। दोनों के बीच मुंहजुबानी विवाद भी उठा। अब इस मनमुटाव को लेकर उठ रही चर्चाओं पर राम कपूर ने पहली बार रिएक्ट किया है।
राम कपूर और एकता के बीच लड़ाई
फेमस टीवी शो 'बड़े अच्छे लगते हैं' में इंटिमेट सीन को लेकर राम कपूर ने कहा था कि एकता ने ये सीन उनकी मर्जी के खिलाफ जाकर डलवाए थे। इस बयान पर एकता की नाराजगी सोशल मीडिया पर देखने को मिली थी और उन्होंने राम को अनप्रोफेशनल करार दिया था। इस विवाद पर अब एक्टर ने कहा है कि एकता कपूर जो चाहे कह सकती हैं।
हाल ही में एक इंटरव्यू में राम कपूर ने इस पूरे मामले को और अधिक बढ़ावा देने से इनकार करते हुए एकता कपूर के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा, "वो जो कहना चाहें कह सकती हैं, लेकिन मैं कुछ नहीं कहूंगा। क्योंकि आखिरकार उन्होंने मुझे वो मौका दिया जो किसी और ने नहीं दिया। जब कोई मुझ पर विश्वास नहीं करता था, उन्होंने किया। इसके लिए मैं हमेशा उनका शुक्रगुजार रहूंगा। उन्हें मेरे बारे में कुछ भी कहने का हक है, मेरे करियर के आखिरी दिन तक।"
कहां से शुरू हुआ एकता और राम कपूर का विवाद
इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई जब राम ने एक इंटरव्यू में कहा कि ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ में रोमांटिक और किसिंग सीन नहीं होना चाहिए था लेकिन एकता ने वो शूट करवाया। उन्होंने कहा कि टीवी शोज हर जेनरेशन के लोग साथ बैठकर देखते हैं ऐसे में किसिंग नहीं होना चाहिए लेकिन एकता नहीं मानीं। बाद में उन्हें इसके चलते आलोचनाओं का सामना भी करना पड़ा। वहीं बयान के बाद एकता ने बिना नाम लिए सोशल मीडिया पर तीखी टिप्पणी की थी – "मेरे शोज़ के बारे में झूठी बातें बोलने वाले अनप्रोफेशनल एक्टर्स को चुप रहना चाहिए। झूठ ज्यादा दिन नहीं टिकता, लेकिन चुप्पी में गरिमा होती है।"
नए शो ‘मिस्ट्री’ में नज़र आएंगे राम
राम कपूर इन दिनों अपनी नई वेब सीरीज़ 'मिस्ट्री' को लेकर सुर्खियों में हैं, जो 27 जून को जियो हॉटस्टार पर रिलीज होगी। इस सीरीज़ में राम के साथ मोना सिंह ACP सहमत सिद्दीक़ी की भूमिका में नजर आएंगी। उनके अलावा शिखा तलसानिया और क्षितीश दाते भी अहम किरदारों में हैं। मिस्ट्री, अमेरिकी अवॉर्ड-विनिंग शो Monk का भारतीय अडैप्टेशन है।
