Rajesh Khanna: 'राजेश खन्ना की सारी प्रॉपर्टी परिवार हड़प गया' अनीता आडवाणी ने लगाए गंभीर आरोप

संपत्ति विवाद को लेकर अनीता आडवाणी ने राजेश खन्ना के परिवार पर लगाए आरोप
X

अनीता आडवाणी लंबे समय तक राजेश खन्ना के साथ रही थीं।

राजेश खन्ना की मौत के बाद अनीता आडवाणी का नाम काफी चर्चा में रहा था। अब उन्होंने एक्टर के परिवार पर प्रॉपर्टी हड़पने के आरोप लगाए हैं। जानिए उन्होंने क्या कहा।

Rajesh Khanna-Anita Advani: सुपरस्टार राजेश खन्ना का स्टारडम जितना बुलंदियों पर पहुंचा, उतनी ही खटास उनके निजी रिश्तों में देखी गई। राजेश खन्ना की मौत के बाद से ही उनकी संपत्ति को लेकर विवाद रहा है। एक बार फिर एक्टर की करीबी अनीता आडवाणी ने उनके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। हाल ही में अनीता ने राजेश खन्ना के साथ अपने रिश्ते और उनके परिवार के बारे में खुलकर बात की।

अनीता के राजेश खन्ना के परिवार पर आरोप

हाल ही में अनीता आडवाणी ने खुलासा किया है कि राजेश खन्ना के साथ वह 12 साल तक रही थीं और एक्टर ने उनसे शादी भी की थी। यूट्यूब चैनल रील मीट रियल से बातचीत में अनीता ने बताया कि जब राजेश खन्ना अपने जीवन के सबसे कठिन दौर से गुजर रहे थे, तब उनका परिवार उन्हें अकेला छोड़ चुका था। उन्होंने आरोप लगाया कि राजेश खन्ना का साथ छोड़ने के बाद परिवार उनकी पूरी संपत्ति हड़प गया। अनीता ने परिवार पर निशाना साधते हुए कहा- "कर्म अपना रास्ता खुद ढूंढता है। चाहे आप कितने भी चालाक क्यों न हों, आप उससे बच नहीं सकते।"


डिंपल छोड़ गईं, राजेश खन्ना ने अकेलेपन में गुजारे दिन
राजेश खन्ना की जिंदगी के उन आखिरी सालों को याद करते हुए अनीता ने कहा,
“1982 में डिंपल उन्हें छोड़कर चली गईं। अगले 30 सालों तक उन्होंने सब कुछ खो दिया। न कोई साथ था, न कोई सहारा। न तलाक हुआ, न कोई समाधान। वो एक अधर में लटके इंसान की तरह जी रहे थे।”

उन्होंने आगे कहा, “जब बातों का सिलसिला शुरू हुआ, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सब कुछ हाथ से निकल चुका था- यहां तक कि खुद उनके भी। फिर भी आज वही परिवार उनकी पूरी संपत्ति का मालिक है। यही तो सबसे बड़ा सवाल है।"

प्रॉपर्टी को लेकर कानूनी लड़ाई
बताते चलें, अनीता आज भी राजेश खन्ना की संपत्ति को लेकर कानूनी लड़ाई लड़ रही हैं। वह चाहती हैं कि उन्हें भी एक्टर की विरासत में हिस्सा मिले। राजेश खन्ना मुंबई के आशीर्वाद बंगले में रहते थे जो अब उनकी पत्नी डिंपल कपाड़िया के पास है।


राजेश खन्ना का स्टारडम, तन्हाई और अंत
भारतीय सिनेमा के पहले सुपरस्टार माने जाने वाले राजेश खन्ना ने जितनी तेजी से शोहरत की ऊंचाइयां देखीं, उतनी ही गहराई से उन्हें तन्हाई भी मिली। 1973 में उन्होंने अभिनेत्री डिंपल कपाड़िया से शादी की थी। लेकिन 1982 में दोनों अलग हो गए। हालांकि दोनों का कभी भी तलाक नहीं हुआ। राजेश खन्ना जब अपने अंतिम समय में थे तब डिंपल कपाड़िया उनके साथ रहने आईं और उनकी देखभाल करती थीं।

राजेश खन्ना अपने आखिरी सालों में मुंबई के मशहूर बंगले 'आशीर्वाद' में रहते थे, जहां बहुत कम लोग उनसे मिलने आते थे। 2011-2012 में उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती रही। कहा जाता है कि उन्हें कैंसर था, हालांकि परिवार ने कभी इसकी पुष्टि नहीं की।

18 जुलाई 2012 को 69 साल की उम्र में राजेश खन्ना का निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार पूरे सम्मान के साथ किया गया। लेकिन उनके जाने के बाद भी उनकी निजी जिंदगी और संपत्ति से जुड़ी कहानियां आज भी सुर्खियों में बनी हुई हैं।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story