उदित नारायण की पहली पत्नी रंजना झा ने गंभीर आरोप लगाते हुए सिंगर के खिलाफ महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई है। उनका दावा है कि उदित नारायण ने उनकी सहमति के बिना उनका ऑपरेशन करवा दिया। जानिए पूरा मामला।

Udit Narayan Wife: मशहूर गायक उदित नारायण एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उनकी पहली पत्नी रंजना झा ने उन पर गंभीर आरोप लगाते हुए बिहार के सुपौल स्थित महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई है। रंजना का आरोप है कि वर्ष 1996 में इलाज के बहाने उन्हें दिल्ली के एक बड़े अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी जानकारी और सहमति के बिना उनका गर्भाशय निकाल दिया गया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रंजना झा ने मंगलवार को अपने वकील करुणाकांत झा के साथ महिला थाना पहुंचकर लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत में उन्होंने न केवल उदित नारायण, बल्कि उनके दो भाइयों- संजय कुमार झा और ललित नारायण झा- साथ ही उनकी दूसरी पत्नी के खिलाफ भी आपराधिक आरोप लगाए हैं।

उदित नारायण पर पहली पत्नी के गंभीर आरोप

रंजना झा ने अपनी शिकायत में बताया है कि उनका विवाह 7 दिसंबर 1984 को हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार उदित नारायण से हुआ था। वर्ष 1985 में उदित मुंबई चले गए, जहां उन्होंने अपने गायन करियर की शुरुआत की। रंजना का कहना है कि बाद में उन्हें मीडिया के जरिए उदित की दूसरी शादी के बारे में जानकारी मिली। जब भी उन्होंने इस संबंध में सवाल किया, उन्हें टाल दिया गया या गुमराह किया गया।

Udit Narayan first wife

इलाज के दौरान हटाया गर्भाशय

उन्होंने आरोप लगाया कि 1996 में उन्हें स्वास्थ्य समस्या के नाम पर दिल्ली के एक अस्पताल ले जाया गया। वहां उनकी इच्छा और अनुमति के बिना सर्जरी कर दी गई। रंजना का दावा है कि उन्हें कई वर्षों बाद इलाज के दौरान इस बात की जानकारी मिली कि उनका गर्भाशय हटाया जा चुका है। उनका कहना है कि उस समय अस्पताल में उदित नारायण, उनके दोनों भाई और उनकी दूसरी पत्नी भी मौजूद थे।

मीडिया से बातचीत में रंजना झा ने कहा, “उदित नारायण बार-बार वादे करते हैं, लेकिन उन्हें निभाते नहीं हैं। अब तक उन्होंने मेरे लिए कुछ नहीं किया, इसलिए मुझे न्याय के लिए महिला थाना आना पड़ा। मैं न्याय की हकदार हूं।” उन्होंने यह भी कहा कि वह लंबे समय से अस्वस्थ हैं और उन्हें उदित के सहयोग की जरूरत है, लेकिन उन्हें कोई सहायता नहीं मिल रही।

रंजना के अनुसार, जब भी उदित गांव आते हैं, वह आश्वासन देकर चले जाते हैं, लेकिन उनके जीवन में कोई ठोस बदलाव नहीं आता। महिला थाना की प्रभारी ने बताया कि मामला लगभग 30 वर्ष पुराना बताया जा रहा है, इसलिए सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही FIR दर्ज की जाएगी और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अब तक इस मामले में उदित नारायण की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मामले की जांच जारी है और आगे की जानकारी आने का इंतजार किया जा रहा है।