सनी देओल ने 2025 की हिट फिल्म ‘धुरंधर’ के वायरल डायलॉग 'घायल हूं, इसलिए घातक हूं' पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। अभिनेता ने घायल और घातक नाम की दोनों फिल्मों में काम किया है, जिसको लेकर फैंस के बीच क्रेज है।

Dhurandhar Dialogue: बॉलीवुड के मशहूर एक्शन हीरो सनी देओल अपनी दमदार आवाज, एक्शन और जबरदस्त डायलॉग्स के लिए काफी पसंद किए जाते हैं। उन्होंने 90 के दशक में दो मशहूर फिल्म- घायल और घातक में काम किया था, जिससे मिलता-जुलता डायलॉग 2025 की फिल्म 'धुरंधर' में इस्तेमाल किया गया था। अब सनी देओल ने 'धुरंधर' के वायरल डायलॉग 'घायल हूं, इसलिए घातक हूं' पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। यह डायलॉग सनी देओल की दो आइकॉनिक फिल्मों के संदर्भ में था और फिल्म रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हो गया।

ANI के साथ हाल ही में बातचीत में सनी देओल से पूछा गया कि क्या इस डायलॉग में उनके फिल्म टाइटल्स के इस्तेमाल के लिए उन्हें कोई पेमेंट या रॉयल्टी मिली। इस पर अभिनेता ने कहा- "नहीं, हमारे जो निर्देशक हैं, वह बहुत बड़े प्रशंसक हैं। उन्होंने मेरी पिक्चर देखी है और उन्होंने घायल, घातक, ये सब फिल्में देखी हैं तो। तो, मुझे लगता है कि सिर्फ सम्मान के लिए, शायद उन्होंने इस डायलॉग का इस्तेमाल किया है।"

सनी देओल ने कहा कि उन्हें इस संदर्भ में कोई आपत्ति नहीं है और उनका यह सकारात्मक रुख फैंस के बीच भी सराहा गया। फैंस इसे हिंदी सिनेमा में उनके लंबे समय से चल रहे प्रभाव की याद दिलाने वाला एक पल मान रहे हैं।

धुरंधर 2 और सनी देओल के आने वाले प्रोजेक्ट

‘धुरंधर’ के मेकर्स ने फिल्म का सीक्वल ‘धुरंधर 2’ घोषित कर दिया है। इसका टीज़र पहले ही रिलीज हो चुका है और दर्शकों में काफी उत्सुकता पैदा कर दी है। फिल्म 19 मार्च को थिएटर्स में रिलीज होने वाली है जिसका मुकाबला यश स्टारर टॉक्सिक से होगा।

सनी देओल के पास कई प्रोजेक्ट पाइपलाइन में हैं। वह अगले साल 15 अगस्त को रिलीज होने वाली फिल्म ‘लाहौर 1947’ में नजर आएंगे, जिसमें उनके साथ आमिर खान और प्रीति जिंटा भी हैं। इसके अलावा वह नेटफ्लिक्स की फिल्मों ‘इक्का और ‘गबरू’ में भी दिखाई देंगे।

इसके अलावा, सनी देओल रामायण पार्ट 1 में हनुमान की भूमिका निभाएंगे, जिसे नितेश तिवारी डायरेक्ट कर रहे हैं। इस फिल्म में रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी मुख्य भूमिकाओं में हैं और यह इस दीवाली थिएटर्स में रिलीज होने की संभावना है।