ICC T20 World Cup Ind vs Pak: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन ग्रुप-ए के सबसे बहुप्रतीक्षित मुकाबले भारत बनाम पाकिस्तान पर अभी भी असमंजस बना हुआ है। 15 फरवरी को कोलंबो में प्रस्तावित इस हाई-वोल्टेज मैच को लेकर चर्चाएं तेज हैं। इसी बीच अभिनेता सुनील शेट्टी ने अपनी राय रखी और उम्मीद जताई कि दोनों टीमें मैदान पर आमने-सामने जरूर हों।

सुनील शेट्टी बोले- 'पाकिस्तान को मैच खेलने आना चाहिए'

मुंबई में आयोजित एक किताब के लॉन्च इवेंट के दौरान मीडिया से बातचीत में सुनील शेट्टी ने कहा कि भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि क्रिकेट की सबसे 'खूबसूरत राइवलरी' में से एक है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को श्रीलंका आकर यह मैच खेलना चाहिए।

सुनील शेट्टी ने कहा, "मैं चाहूंगा कि पाकिस्तान श्रीलंका आए और भारत के खिलाफ खेले। ना खेलने से क्या हासिल होगा? भारत और पाकिस्तान की राइवलरी बहुत खूबसूरत है, बिल्कुल एशेज की तरह।"

उन्होंने भारतीय टीम को टूर्नामेंट के लिए शुभकामनाएं भी दीं। सुनील ने कहा कि टीम इंडिया जिस तरह का प्रदर्शन अब तक करती आ रही है, अगर वैसे ही खेलते रहे तो जीत तय है।

केएल राहुल के ससुर हैं सुनील शेट्टी

गौरतलब है कि सुनील शेट्टी खुद बड़े क्रिकेट प्रेमी हैं और अक्सर मुंबई में होने वाले मैचों में नजर आते हैं। इसके अलावा, वे भारतीय क्रिकेटर केएल राहुल के ससुर भी हैं, जिससे क्रिकेट से उनका जुड़ाव और भी खास हो जाता है।

मैच को लेकर क्यों है बवाल?

दरअसल, पाकिस्तान सरकार की ओर से यह संकेत दिया गया है कि मेन्स क्रिकेट टीम भारत के खिलाफ मैदान पर नहीं उतरेगी। यह फैसला बांग्लादेश से जुड़े हालिया घटनाक्रम और आईसीसी द्वारा अंतिम समय में स्कॉटलैंड को शामिल किए जाने के बाद सामने आया। हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अब तक आधिकारिक तौर पर ICC को कोई पत्र नहीं भेजा है।

इस बीच, श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने भी PCB से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की है। SLC का कहना है कि अगर यह मुकाबला नहीं होता है तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है, क्योंकि मैच कोलंबो में आयोजित होना है। उधर, श्रीलंकाई पुलिस ने साफ किया है कि तमाम अटकलों के बावजूद वे भारत-पाकिस्तान मुकाबले के लिए सुरक्षा तैयारियों में जुटे हुए हैं।