Shahid Kapoor: मुंबई में अपनी आगामी फिल्म 'ओ रोमियो' के प्रमोशन के दौरान अभिनेता शाहिद कपूर एक ऐसी स्थिति में फंस गए, जिसके चलते उन्हें स्टेज छोड़कर जाना पड़ा। फिल्म के नए गाने ‘पान की दुकान’ के लॉन्च इवेंट में एक्टर पहुंचे थे जहां फैंस की भीड़ ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया। भीड़ इतनी बेकाबू हो गई कि शाहिद को स्टेज छोड़ना पड़ा, इसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।
शाहिद को बेकाबू भीड़ ने घेरा
शुक्रवार को आयोजित इस कार्यक्रम में शाहिद कपूर के साथ अभिनेत्री तृप्ति डिमरी भी मौजूद थीं। इवेंट में मीडिया के साथ काफी सारे फैंस पहुंचे थे। माहौल उस वक्त बदला जब शाहिद ने कुछ फैंस को स्टेज पर बुलाकर गाने पर डांस करने के लिए आमंत्रित किया। शुरुआत में कुछ ही लोग आए, लेकिन देखते ही देखते कई अन्य लोग भी स्टेज पर चढ़ आए और शाहिद को चारों ओर से घेर लिया।
स्थिति बिगड़ती देख शाहिद ने मंच से उतरना ही बेहतर समझा। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और भीड़ को नियंत्रित किया। कुछ देर बाद हालात सामान्य होने पर शाहिद फिर से स्टेज पर लौटे और कार्यक्रम दोबारा शुरू हुआ। इस पूरे घटनाक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
इवेंट के अंत में शाहिद कपूर ने एक बार फिर फैंस के साथ डांस किया और उन्हें धन्यवाद देते हुए कहा, “आप सभी का बहुत-बहुत शुक्रिया, आप कमाल के हैं।”
फिल्म ओ रोमियो के बारे में
शाहिद कपूर इन दिनों फिल्म ओ रोमियो को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म में उनके साथ तृप्ति डिमरी, नाना पाटेकर, अविनाश तिवारी, तमन्ना भाटिया, दिशा पाटनी, फरीदा जलाल और विक्रांत मैसी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म की कहानी और निर्देशन विशाल भारद्वाज ने किया है। यह एक्शन थ्रिलर फिल्म हुसैन जैदी की किताब माफिया क्वीन्स ऑफ मुंबई से प्रेरित बताई जा रही है। फिल्म का निर्माण साजिद नाडियाडवाला ने नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया है और यह 13 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
हुसैन उस्तरा की बेटी ने फिल्म के खिलाफ किया केस
हालांकि, फिल्म रिलीज से पहले विवादों में भी घिर गई है। हुसैन उस्तारा की बेटी सनोबर शेख ने फिल्म के खिलाफ अदालत का रुख किया है। उनका आरोप है कि यह उनके पिता की जिंदगी पर आधारित एक ‘अनधिकृत’ बायोपिक है, जिसमें तथ्यों को गलत तरीके से पेश किया गया है।