शादी के बाद रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने अपने नए घर में पारंपरिक अंदाज़ में गृहप्रवेश और सत्यनारायण व्रतम पूजा की। इस आयोजन के कई वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं।

Rashmika-Vijay: तेलुगु सिनेमा के चर्चित कपल रश्मिका मंदाना (Rashmika Mandanna) और विजय देवरकोंडा (Vijay Deverakonda) शादी के बाद अपनी नई जिंदगी की शुरुआत पारंपरिक अंदाज़ में कर रहे हैं। 26 फरवरी को उदयपुर में शादी रचाने के बाद अब दोनों ने तेलंगाना स्थित अपने नए घर में गृहप्रवेश और सत्यनारायण व्रतम पूजा की। इस खास मौके की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

नए घर में पारंपरिक स्वागत

तेलंगाना के महबूबनगर जिले में स्थित उनके नए घर को रोशनी और सजावट से जगमगाया गया था। गांव के लोगों ने लोकगीत और पारंपरिक नृत्य के साथ नवविवाहित जोड़े का स्वागत किया। घर में प्रवेश से पहले पारंपरिक आरती की गई और नजर उतारने की रस्म भी निभाई गई।

रश्मिका ग्रे साड़ी और गोल्ड ज्वेलरी में बेहद खूबसूरत नजर आईं, जबकि विजय हरे-सफेद कुर्ते में पारंपरिक लुक में दिखे। विजय की मां माधवी लाल और सुनहरे परिधान में रस्मों की व्यवस्था संभालती दिखीं। इस मौके पर रश्मिका की बहन शिमन मंदाना और विजय के भाई आनंद देवरकोंडा भी मौजूद रहे।

नवविवाहित जोड़ों के लिए सत्यनारायण व्रतम पूजा विशेष मानी जाती है। यह पूजा विवाह के सफल समापन के लिए भगवान का आभार व्यक्त करने और नए जीवन की मंगल शुरुआत के लिए की जाती है। रश्मिका और विजय ने पूरे विधि-विधान से यह पूजा संपन्न की और उपस्थित सभी लोगों का अभिवादन करते नजर आए।

उदयपुर में हुई थी शाही शादी

इससे पहले 26 फरवरी को दोनों ने उदयपुर में परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में सात फेरे लिए थे। शादी से कुछ दिन पहले ही उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी पुष्टि की थी और अपने फैंस के सम्मान में इसे ‘विरोश वेडिंग’ नाम दिया था।

शादी के बाद कपल हैदराबाद लौट आया और देश के कई शहरों में अन्नदान और मिठाइयों के वितरण का आयोजन किया।

4 मार्च को होगा रिसेप्शन

रश्मिका और विजय का रिसेप्शन 4 मार्च को हैदराबाद में आयोजित किया जाएगा। हालांकि सुरक्षा कारणों से यह कार्यक्रम पूरी तरह इनवाइट-ओनली रहेगा। प्रशासन से चर्चा के बाद गेस्ट लिस्ट सीमित कर दी गई है और फैंस से समारोह स्थल पर न आने की अपील की गई है।