Ramayana Cast look: इस साल की मच अवेटेड और मेगा बजट फिल्म रामायण का टीज़र रिलीज होते ही चर्चा में आ गया है। 2 अप्रैल को फिल्म का टीजर जारी हुआ जिसमें रणबीर कपूर का भगवान राम के रूप में लुक रिवील किया गया। रणबीर के इस लुक की हर तरफ चर्चा है, लेकिन उनके अलावा फिल्म की अन्य स्टार कास्ट की झलक ने भी फैंस का दिल जीत लिया।
एक्टर यश का रावण का लुक अभी रिवील नहीं हुआ है लेकिन उनकी झलक दिखाई गई जिसने अलग की क्रेज पैदा कर दिया। वहीं अरुण गोविल, रवि दुबे और साई पल्लवी भी अपनी झलक से दर्शकों का ध्यान खींच लिया है। महज कुछ सेकंड की मौजूदगी के बावजूद इन कलाकारों ने फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है।
ये भी पढ़ें- Ramayana Teaser: इंतजार खत्म, सामने आई ‘रामायण’ की पहली झलक, भगवान राम बने रणबीर कपूर; भव्य विजुअल्स ने जीता दिल
अरुण गोविल बने दशरथ, दिखी विरासत की झलक
टीज़र में अरुण गोविल राजा दशरथ के रूप में नजर आते हैं। रामानंद सागर के पॉपुलर धारावाहिक रामायण में अरुण गोविल पहले ही भगवान राम का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बना चुके हैं। अब उसी महाकाव्य में एक नए लेकिन अहम किरदार में उनकी वापसी दर्शकों के लिए भावनात्मक जुड़ाव भी लेकर आई है। उनके लुक में शाही ठाठ और युद्ध के लिए तैयार एक राजा की झलक साफ दिखाई देती है।
लक्ष्मण के रूप में रवि दुबे की दमदार एंट्री
रवि दुबे का लक्ष्मण अवतार भी टीज़र में प्रभाव छोड़ता है। उन्हें राम के साथ मजबूती से खड़े दिखाया गया है, जो उनके किरदार की निष्ठा, अनुशासन और संघर्ष के लिए तत्परता को दर्शाता है। फैंस अब इस किरदार को बड़े पर्दे पर विस्तार से देखने के लिए उत्साहित हैं।
रावण के रूप में यश का खौफनाक अंदाज
वहीं, यश ने रावण के रूप में अपनी छोटी सी झलक से ही माहौल बना दिया है। उनका डार्क और रहस्यमयी एंट्री सीन किरदार की शक्ति और भय को दर्शाता है। भव्य कॉस्ट्यूम और साए में दिखाया गया उनका लुक दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।
रणबीर कपूर के ‘राम’ अवतार ने जीता दिल
हालांकि, टीज़र का मुख्य फोकस रणबीर कपूर पर ही रहता है। इसमें उनके किरदार की यात्रा- अयोध्या से वनवास और युद्ध तक- की झलक दिखाई गई है। शाही वेशभूषा में रणबीर एक योद्धा और राजा दोनों रूपों में नजर आते हैं। उन्होंने भगवान राम के चरित्र को करुणा, साहस, धर्म और त्याग का प्रतीक बताया है।
फिल्म की रिलीज और स्टार कास्ट
रामायण में साई पल्लवी सीता और सनी देओल हनुमान के किरदार में दिखाई देंगे। फिल्म को दो भागों में रिलीज किया जाएगा- पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 पर सिनेमाघरों में आएगा।