Raghav Chadha: राजनीतिक सुर्खियों के बीच राघव चड्ढा ने अपने दिल्ली स्थित घर पर संजय दत्त की मेजबानी की। दोनों की इस मुलाकात ने लोगों का ध्यान खींचा। ‘धुरंधर’ की सफलता पर चड्ढा ने अभिनेता की जमकर तारीफ की।

Raghav Chadha: दिल्ली में हाल ही में राजनीति और बॉलीवुड का दिलचस्प संगम देखने को मिला, जब आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता राघव चड्ढा ने अपने घर पर अभिनेता संजय दत्त की मेजबानी की। इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आते ही सुर्खियां बटोर रही हैं।

राजनीतिक उथल-पुथल के बीच खास मुलाकात
यह मुलाकात ऐसे समय पर हुई है जब राघव चड्ढा राजनीतिक कारणों से सुर्खियों में हैं। हाल ही में उन्हें राज्यसभा में पार्टी के डिप्टी लीडर पद से हटा दिया गया, जिसके बाद उनके अगले कदम को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया कि वह नया राजनीतिक दल बना सकते हैं, हालांकि इस पर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इन सब चर्चाओं के बीच चड्ढा ने निजी समय निकालकर संजय दत्त से मुलाकात की। दोनों की तस्वीरों में उनकी गर्मजोशी साफ झलक रही है- एक तस्वीर में दोनों कैमरे के सामने पोज देते नजर आ रहे हैं, तो दूसरी में वे बातचीत में मशगूल दिख रहे हैं।

धुरंधर के लिए संजय दत्त की तारीफ की
राघव चड्ढा ने इन तस्वीरों को शेयर करते हुए लिखा- कुछ समय पहले मुझे अपने घर पर संजय दत्त की मेजबानी करने का सौभाग्य मिला, जो मेरे सबसे प्यारे लोगों में से एक हैं। 'धुरंधर' के लिए आप पर बरस रहा प्यार देखकर बहुत अच्छा लगा। आपका आकर्षण आज भी वैसा ही है, और हर दौर में लोगों का आपके प्रति सम्मान भी उतना ही बना हुआ है। आप इसके पूरी तरह हकदार हैं।"

Sanjay Dutt Dhurandhar

चौधरी असलम बन संजय दत्त ने जीता दिल
संजय दत्त इन दिनों अपनी फिल्म धुरंधर 2 को लेकर सुर्खियों में हैं, जिसमें उन्होंने एसपी चौधरी असलम का किरदार निभाया है। फिल्म को दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है और बॉक्स ऑफिस पर भी इसका प्रदर्शन शानदार बताया जा रहा है।

धुरंधर: द रिवेंज, जिसे निर्देशक आदित्य धर ने बनाया है, 19 मार्च को रिलीज हुई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने दुनियाभर में 1600 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है। इस फिल्म में रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में हैं, और इसकी जबरदस्त कमाई ने इसे साल 2026 की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल कर दिया है।