Neena Gupta: 1993 की फिल्म खलनायक का सुपरहिट गाना चोली के पीछे क्या है आज भी हर किसी की जुबां पर छाया रहता है। इस गाने में नजर आईं थी फिल्म की लीड एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित जिनके साथ अभिनेत्री नीना गुप्ता ने स्पेशल अपीरियंस दिया था। हाल ही में नीना गुप्ता ने इस गाने की शूटिंग का किस्सा शेयर किया और बताया कि उन्हें डायरेक्टर सुभाष घई ने उनसे एक ऐसे कपड़े पहनने को कहा, जिसने उन्हें गुस्से में ला दिया।
'पैडेड ब्रा पहनने को बोला, मुझे बहुत गुस्सा आया'
नीना ने बताया कि फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्हें अपने किरदार के लिए पैडेड ब्रा पहनने के लिए कहा गया, ताकि उनकी बॉडी और बेहतर तरीके से दिख सके। उन्होंने साझा किया कि निर्देशक ने उनके पास खड़े कॉस्ट्यूम डिज़ाइनर से कहा, “उन्हें और फुलर दिखाओ।” नीना ने कहा, “उस समय मुझे बहुत गुस्सा आया। मैंने सोचा, यह कैसे कहा जा सकता है? बहुत ही घटिया था।”
हालांकि, अभिनेत्री ने यह भी कहा कि अब वह इस घटना को अलग नजरिए से देखती हैं। उन्होंने कहा- “अब मुझे लगता है कि वह बस अपना काम कर रहे थे। उनका किरदार के लिए एक निश्चित इमेज थी और उन्होंने उसे सीधे तरीके से व्यक्त किया। उन्होंने मुझे घूरा नहीं, लेकिन मैं उस समय नई थी...आज मैं इसे अलग तरीके से समझती हूं। यह कुछ समय तक परेशान करने वाला था, लेकिन गीत इतना खूबसूरत था कि मैं इसे भूल गई।”
गाने को मिली अपार सफलता
चोली के पीछे क्या है 1993 की एक क्राइम-एक्शन थ्रिलर थी, जिसमें संजय दत्त मुख्य भूमिका में थे और माधुरी दीक्षित, अनुपम खेर, राखी गुलजार और जैकी श्रॉफ ने सहायक भूमिकाएं निभाई थीं। फिल्म में दो पुलिस अधिकारियों राम और गंगा की कहानी दिखाई गई है, जो अपराधी बल्लू को पकड़ने की कोशिश कर रहे हैं।
फिल्म को क्रिटिक्स से पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिला और 1993 की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई। फिल्म का संगीत भी हिट रहा, जिसमें गीत चोली के पीछे क्या है, खलनायक हूं मैं, और पालकी पे होके शामिल हैं। इस गीत को अलका याज्ञिक और इला अरुण ने गाया, और संगीतकार जोड़ी लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने संगीत दिया।