Lara Dutta: बॉलीवुड एक्ट्रेस लारा दत्ता ने हाल ही में अपने करियर के शुरुआती दिनों से जुड़ा एक खौफनाक अनुभव साझा किया है। उन्होंने बताया कि अपनी डेब्यू फिल्म 'अंदाज़' की शूटिंग के दौरान वह समुद्र में डूबते-डूबते बची थीं। इस हादसे ने उन्हें अंदर तक हिला दिया था।
शूटिंग के दौरान हुआ बड़ा हादसा
लारा दत्ता ने एशियन टेलीविजन नेटवर्क कनाडा को दिए इंटरव्यू में बताया कि फिल्म अंदाज़ के एक गाने की शूटिंग समुद्र में हो रही थी। उस दौरान तेज लहरों के बीच वह बैलेंस नहीं बना सकीं और पानी के अंदर चली गईं। उन्होंने कहा- "मैंने लैदर के कपड़े पहने हुए थे और पानी में अंदर चली गई... भारी कपड़ों की वजह से पत्थर की तरह तेजी से डूबने लगी। मुझे तैरना नहीं आता था।"
अक्षय कुमार बने सहारा
इस मुश्किल घड़ी में उनके को-स्टार अक्षय कुमार ने तुरंत मदद की और उन्हें पकड़ कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, इस घटना के बाद लारा हाइपोथर्मिया शॉक में चली गईं, जिसके चलते शूटिंग रोकनी पड़ी और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
30 साल की उम्र में तैरना सीखा
इस हादसे के बाद लारा दत्ता के मन में पानी को लेकर गहरा डर बैठ गया था। यही वजह रही कि जब उन्हें फिल्म ब्लू का ऑफर मिला, तो उन्होंने शुरुआत में इसे ठुकरा दिया। लेकिन अक्षय कुमार ने सलाह देते हुए कहा- “तैरना सीखो”, जिसने उनकी सोच बदल दी।
30 साल की उम्र में लारा ने न सिर्फ तैरना सीखा, बल्कि डाइविंग भी सीखी और धीरे-धीरे अपने डर पर काबू पाया। बाद में उन्होंने फिल्म ब्लू में अंडरवॉटर सीन भी शूट किए, जो उनके लिए एक बड़ी व्यक्तिगत जीत साबित हुई।
करियर में अहम मोड़
2009 में रिलीज हुई फिल्म ब्लू, जिसे एंथनी डिसूजा ने निर्देशित किया था, भले ही बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा सफल नहीं रही, लेकिन लारा के लिए यह एक महत्वपूर्ण अनुभव था।
वर्क फ्रंट की बात करें तो लारा दत्ता हाल ही में 2023 की फिल्म इश्क-ए-नादान में नजर आई थीं, जिसमें उन्होंने अलग-अलग पीढ़ियों की प्रेम कहानियों को पर्दे पर उतारा।