Govinda family: कॉमेडियन कृष्णा अभिषेक और उनके 'मामा' अभिनेता गोविंदा के परिवार के बीच लंबे समय से चल रही दूरियां अब खत्म हो गई हैं। 2 साल पहले गोविंदा और कृष्णा की सुलह की हुई थी लेकिन उनके परिवार में तब भी दूरियां थीं। लेकिन आखिरकार ये दूरियां भी खत्म हो गई हैं। 14 साल के बाद कृष्णा की उनकी ‘मामी’ यानी गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा के साथ सुलह हो गई है। हाल ही में कृष्णा और कश्मीरा ने अपने मामी के साथ खूबसूरत पल बिताए जिसका वीडियो सामने आया है।
सुनीता आहूजा ने भांजे कृष्णा अभिषेक को लगाया गले
यह खास पल उस समय देखने को मिला जब सुनीता आहूजा टीवी शो लाफ्टर शेफ्स के सेट पर पहुंचीं। यहां उन्होंने कृष्णा अभिषेक और उनकी पत्नी कश्मीरा शाह के साथ न सिर्फ तस्वीरें खिंचवाईं, बल्कि दोनों को गले लगाकर अपने रिश्ते में आई कड़वाहट को भी दूर कर दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में तीनों को एक जैसे आउटफिट में मुस्कुराते हुए देखा जा सकता है।
'14 साल का वनवास खत्म हो गया'
इस दौरान सुनीता आहूजा ने मजाकिया अंदाज में कहा, “14 साल का वनवास खत्म हुआ।” वहीं कृष्णा ने भी इस मुलाकात को सरप्राइज बताते हुए कहा कि उन्हें पहले से इसकी कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने सुनीता का धन्यवाद किया और कहा कि इस मुलाकात के साथ ही पिछले कई सालों से चल रही सभी अटकलों और अफवाहों पर विराम लग गया है।
कैसे शुरू हुआ था विवाद?
जानकारी के मुताबिक, कृष्णा अभिषेक और गोविंदा के बीच विवाद की शुरुआत 2016 में हुई थी। बताया जाता है कि कपिल शर्मा के शो में कृष्णा ने गोविंदा को लेकर कुछ मजाक किया था जो सुनीता को पसंद नहीं आया, जिसके बाद रिश्तों में दरार आ गई।
इसके बाद कई मौकों पर दोनों परिवार एक-दूसरे से दूरी बनाए रखते नजर आए। यहां तक कि जब गोविंदा और सुनीता शो में मेहमान बनकर आते थे, तो कृष्णा उस एपिसोड से दूर रहते थे। वहीं कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि गोविंदा परिवार ने शो में आने से इनकार कर दिया था क्योंकि वहां कृष्णा परफॉर्म करते थे।
हालांकि, समय के साथ यह नाराज़गी कम होती गई। कुछ समय पहले सुनीता आहूजा ने खुद संकेत दिए थे कि अब रिश्ते सामान्य हो चुके हैं। उन्होंने कहा था कि आखिर कब तक बच्चों से नाराज़ रहा जा सकता है और अब वह सभी को सिर्फ आशीर्वाद देना चाहती हैं।