बॉक्स ऑफिस पर तूफान मचा रही फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की सफलता के बीच कंगना रनौत का एक बयान सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ गया है। कंगना ने फिल्म के स्टारकास्ट को छोड़ सीधे निर्देशक आदित्य धर को सुपरस्टार बताते हुए कहा कि असली हीरो फिल्ममेकर होते हैं, न कि अभिनेता। उनके इस बयान ने इंडस्ट्री में ‘डायरेक्टर vs स्टार’ की बहस को फिर से हवा दे दी है।
फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' इस साल की सबसे चर्चित फिल्म साबित हो गई है। रिलीज से पहले ही फिल्म को लेकर काफी हाइप थी और रिलीज के बाद फैंस के बीच इसका क्रेज दोगुना हो गया है। महज दो दिनों में ही 'धुरंधर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर कई बड़ी फिल्मों को पछाड़ दिया।
कंगना ने आदित्य धर की जमकर तारीफ की
कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा- "धुरंधर की सफलता की सबसे अच्छी बात यह है कि आदित्य धर एक स्थापित सुपरस्टार निर्देशक हैं। हॉलीवुड के सुपरस्टार निर्देशक हमेशा सुपरस्टार अभिनेताओं से बड़े होते हैं। उदाहरण के लिए: स्पीलबर्ग, टैरिनटिनो, नोलन। हम अपने फिल्म निर्माताओं को कभी भी उतना सम्मान या श्रेय नहीं देते जितना उन्हें मिलना चाहिए। वे अत्यधिक काम करते हैं, कम वेतन पाते हैं और सुपरस्टारों द्वारा उन्हें परेशान किया जाता है।"
कंगना ने आगे लिखा- "यहां एक सुपरस्टार फिल्म निर्माता हैं जो किसी भी हीरो से कहीं ज्यादा चमक रहे हैं। आज, कई युवा उनकी कहानी देख रहे हैं जो उनके जैसा बनने और फिल्म उद्योग को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की आकांक्षा रखेंगे!! आपको सलाम, आदित्य धर।"
‘धुरंधर 2’ का बॉक्स ऑफिस पर दबदबा
फिल्म धुरंधर: द रिवेंज ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया है। फिल्म ने पहले दिन भारत में करीब ₹146 करोड़ की कमाई की और दुनियाभर में ₹240 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया।
अब तक फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन ₹370 करोड़ से ज्यादा हो चुका है, जो इसे साल की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल करता है।
फिल्म में रणवीर सिंह, आर.माधवन, अर्जुन रामपाल और संजय दत्त जैसे बड़े सितारे नजर आए हैं। हालांकि कंगना के पोस्ट में इन कलाकारों का जिक्र नहीं किया गया, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा भी हो रही है।