रियलिटी शो ‘द 50’ अपने हाई-वोल्टेज ड्रामे के चलते लगातार चर्चा में बना हुआ है। हालिया एपिसोड में टास्क के दौरान शुरू हुई बहस ने उस वक्त गंभीर मोड़ ले लिया, जब मामला निजी आरोपों तक पहुंच गया।
दिव्या अग्रवाल और अर्चना गौतम की लड़ाई के बाद भव्या सिंह ने न सिर्फ दिव्या के व्यवहार पर सवाल उठाए, बल्कि उनकी निजी और शादीशुदा जिंदगी को लेकर कई चौंकाने वाले दावे किए।
टास्क के दौरान शुरू हुआ विवाद
बल और बुद्धि टास्क के दौरान दिव्या अग्रवाल और अर्चना गौतम के बीच तीखी बहस हो गई। गुस्से में दिव्या ने अर्चना पर निजी टिप्पणी की, जिससे वहां मौजूद भव्या सिंह नाराज हो गई। भव्या ने दिव्या को सबक सिखाने की बात कही।
झगड़े के बाद दिव्या वॉशरूम में रोती नजर आई। इसी दौरान भव्या ने उन्हें टिशू पेपर देने से भी इनकार कर दिया। भव्या ने सपना चौधरी और आर्या से बात करते हुए दिव्या पर कई निजी आरोप लगाए।
‘गोल्ड डिगर’ और PR को लेकर किया बड़ा दावा
भव्या सिंह ने दिव्या को “फेक” बताते हुए कहा कि लोग उन्हें ‘गोल्ड डिगर’ कहते हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि दिव्या ने उनके पॉडकास्ट में कहा था कि वह दोबारा कोई रियलिटी शो नहीं करेंगी क्योंकि वह पहले ही बिग बॉस जीत चुकी हैं। भव्या ने दिव्या पर PR और पपाराजी स्पॉटिंग के जरिए लाइमलाइट में रहने का भी आरोप लगाया।
पति के साथ नहीं रहती दिव्या आग्रवाल - भव्या
सबसे चौंकाने वाला बयान दिव्या की निजी जिंदगी को लेकर आया। भव्या ने दावा किया कि दिव्या अपने पति अपूर्वा पडगांवकर से अलग रहती हैं। इसके अलावा, उन्होंने बताया कि दिवाली के समय दिव्या के घर में एक बड़ा पारिवारिक विवाद हुआ था, जिसमें उन्हें जबरन शामिल किया गया।
भव्या ने कहा कि “दिवाली पर असली पटाखे तो इनके घर में फूटे थे और मैंने ही फोड़े थे। आगे कहा कि, "मैंने आज तक कभी इस बारे में बात नहीं की और ना ही अपने पॉडकास्ट में कुछ कहा है। शायद मैं कभी इस पर बात करूंगी भी नहीं, क्योंकि यह उनका फैमिली मेटर है। दिव्या मुंबई में लोगों से भीख मांगती हैं कि मुझसे मिल लो।”
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
भव्या के इन बयानों के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। फैंस दिव्या के सपोर्ट में भी उतर आए हैं, वहीं कुछ लोग शो में बढ़ते निजी हमलों पर सवाल उठा रहे हैं। अब देखना होगा कि इस पूरे मामले पर दिव्या अग्रवाल क्या प्रतिक्रिया देती हैं।