एक्ट्रेस अमीषा पटेल ने हाल ही में दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र के साथ अपने खास रिश्ते को याद किया। उन्होंने बताया कि धर्मेंद्र उन्हें मजाक में “अमीषा देओल” कहते थे और परिवार का हिस्सा मानते थे। 2025 में धर्मेंद्र का निधन हुआ था।

Ameesha Patel: दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के दुखद निधन ने बॉलीवुड इंडस्ट्री को तोड़ दिया था। कई सितारे आज भी उनकी कमी को यादकर भावुक हो जाते हैं। हाल ही में बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री अमीषा पटेल ने दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के साथ अपने खास रिश्ते को याद करते हुए भावुक बातें साझा कीं। उन्होंने बताया कि धर्मेंद्र उन्हें परिवार के सदस्य की तरह मानते थे और मजाक में उन्हें “अमीषा देओल” कहकर बुलाते थे।

ज़ूम पर बात करते हुए अमीषा ने कहा, "जब धरम जी हमें छोड़कर चले गए, तो मुझे ऐसा लगा जैसे मुझे व्यक्तिगत क्षति हुई हो। मैंने इसे सचमुच महसूस किया। हालांकि उन्होंने मुझे परिवार के सदस्य की तरह माना, लेकिन मेरी उनसे अक्सर बातचीत नहीं होती थी। फिर भी, वे मुझे 'अमीषा देओल' और परिवार का हिस्सा मानते थे।"

धर्मेंद्र के बैनर से होने वाला था डेब्यू

अमीषा ने बताया कि शुरुआत में उनका फिल्मी डेब्यू धर्मेंद्र के प्रोडक्शन हाउस विजयता फिल्म्स के तहत बनने वाली एक फिल्म से होने वाला था। लेकिन बाद में उन्हें कहो ना... प्यार है का ऑफर मिला, जिसने उनके करियर की दिशा ही बदल दी।

उन्होंने बताया कि उस समय उन्होंने सनी देओल से जाकर कहा कि उनकी फिल्म कुछ समय से रुकी हुई है, इसलिए वह इस कॉन्ट्रैक्ट से बाहर निकलकर “कहो ना… प्यार है” करना चाहती हैं। अमीषा के मुताबिक, सनी देओल ने बिना किसी झिझक के उनका कॉन्ट्रैक्ट फाड़ दिया और कहा कि उन्हें उनकी इजाज़त की जरूरत ही नहीं है।

Gadar 2 ( movie scene)

‘गदर’ से बनी आइकॉनिक जोड़ी

हालांकि बाद में अमीषा पटेल और सनी देओल की जोड़ी फिल्म गदर: एक प्रेम कथा में साथ नजर आई, जो उनके करियर की दूसरी फिल्म थी। इस फिल्म में दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने बेहद पसंद किया और तारा सिंह और सकीना की कहानी बॉलीवुड की सबसे यादगार प्रेम कहानियों में शामिल हो गई।

साल 2023 में यह जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर Gadar 2 के साथ लौटी। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की और भारत में करीब 525 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया।