Akshay Kumar: बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के लोगों का सोपर्ट किया है। उन्होंने भारत के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के लोगों के खिलाफ होने वाले भेदभाव और नस्लवाद को लेकर अपनी कड़ी प्रतिक्रिया दी और कहा कि उत्तर-पूर्व के लोग भी उतने ही भारतीय हैं जितने वह खुद हैं।
शो में उठाया गंभीर मुद्दा
हाल ही में व्हील्स ऑफ फॉर्च्यून शो के एक एपिसोड के दौरान जब एक प्रतियोगी ने मुंबई में अपने साथ हुई भेदभावपूर्ण घटनाओं का जिक्र किया, तो अक्षय कुमार की झलक में स्पष्ट रूप से हैरानी और निराशा नजर आई। प्रतियोगी ने बताया कि उसके चेहरे की विशेषताओं के कारण लोग अक्सर उसे ताने मारते और कहते थे कि “चीन चले जाओ” और उसे कोविड-19 फैलाने का दोषी ठहराते थे।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अक्षय ने अपने मणिपुर के मेकअप आर्टिस्ट किन को मंच पर बुलाया और इस अवसर का इस्तेमाल उत्तर-पूर्व के लोगों के खिलाफ होने वाले भेदभाव को सामने लाने के लिए किया।
'चिंकी-चाइनीज कहकर बुलाते हैं लोग'
मंच पर आते ही किन ने बताया कि मणिपुर से होने के कारण उन्हें अक्सर मजाक और गलत धारणाओं का सामना करना पड़ा। उन्हें 'चाइनीज', 'चिंकी' और 'मोमो' जैसे नस्लीय शब्दों का सामना करना पड़ा। इस पर अक्षय कुमार ने स्पष्ट किया कि यह व्यवहार पूरी तरह से गलत और अस्वीकार्य है।
इसपर प्रतिक्रिया देते हुए अक्षय ने कहा- "आज किन की बात सुनकर मुझे यकीन हो गया कि यह समस्याएं मौजूद हैं। मैं भारत के सभी लोगों से कहना चाहता हूं कि उत्तर-पूर्व के लोगों के साथ भेदभाव होता है। वे सभी भारतीय हैं। वे उतने ही भारतीय हैं जितना मैं, आप और यहां बैठे लोग हैं।"
अक्षय ने आगे बताया कि उत्तर-पूर्व के लोग देश के लिए कितनी बड़ी सेवा कर चुके हैं, खासकर भारतीय सेना में। उन्होंने नागा रेजिमेंट, कारगिल युद्ध और बांग्लादेश युद्ध का उदाहरण देते हुए कहा, “उन्होंने अपने खून की आहुति दी है। वे भारतीय हैं, इसे याद रखें।”
टीवी पर फिर लौटे अक्षय, जल्द इन फिल्मों में आएंगे नजर
अक्षय कुमार ने करीब एक दशक के बाद छोटे पर्दे पर वापसी की है और सोनी टीवी के नए रियलिटी शो व्हील ऑफ फॉर्च्यून के होस्ट के रूप में नजर आ रहे हैं। इसमें प्रतियोगी पुरस्कार जीतने के लिए एक बड़ा व्हील घुमाते हैं और अक्षरों का अनुमान लगाकर शब्द पहेली हल करते हैं।
फिल्मों के मोर्चे पर अक्षय कुमार के पास प्रियदर्शन की 'भूत बंगला', 'वेलकम टू द जंगल', और 'हैवान' जैसी आगामी प्रोजेक्ट्स हैं।